Breaking News

भगवान जगन्नाथ, बलभद्र व सुभद्रा की हुई स्नान यात्रा, प्राचीन जगन्नाथ मंदिर में हुआ सामूहिक स्नान

ज्येष्ठ पूर्णिमा के पावन अवसर पर चम्पा के ऐतिहासिक, प्राचीन जगन्नाथ मन्दिर में भगवान जगन्नाथ भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा की स्नान यात्रा कराई गई। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार ज्येष्ठ पूर्णिमा को भक्तगण भगवान जगन्नाथ को सामूहिक स्नान करवाते हैं।

जिसमें गंगा व विभिन्न पवित्र नदियों और जलाशयों से जल लाकर भक्तगण प्रभू को अर्पित करते हैं। इसके बाद भगवान को वस्त्रादि अर्पित कर भोग, आरती की जाती है।

चंपानगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में स्नान कराते भक्त।

चंपानगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में स्नान कराते भक्त।

स्नान यात्रा के बाद कपाट कर दिया जाता है बंद, होता है आयुर्वैदिक उपचार

ऐसी मान्यता है कि स्नान यात्रा के बाद भगवान ज्वर से पीड़ित हो जाते हैं। जिससे भगवान का कपाट आमजनों के लिए बन्द हो जाता है। भगवान को विभिन्न औषधि , काढ़ा व सुपाच्य भोग अर्पित किया जाता है।

इस प्रकार क्रमशः भगवान का आयुर्वेदिक उपचार किया जाता है, और आषाढ़ शुक्ल द्वितीया को भगवान जगन्नाथ पूर्णतः स्वस्थ होते हैं। इसलिए उक्त तिथि को भगवान की रथ यात्रा निकाली जाती है।

चंपा का प्राचीन मंदिर भगवान नारायण को समर्पित

यहां बताते चलें कि चंपा का यह प्राचीन मन्दिर भगवान नारायण को समर्पित है। बड़े बुजुर्ग बताते थे कि यह प्राचीन मन्दिर भगवान राम के बड़े मौसा राजा दशरथ के परम मित्र राजा रोमपद का है। इस मन्दिर में भगवान नारायण की एक अति प्राचीन मूर्ति थी, जो सैकड़ों वर्ष पूर्व चोरी हो गई थी।

इस मन्दिर के प्रति लोगों में अपार आस्था है। यह चंपा नदी के गोकुल गंगा घाट के किनारे स्थित है। यह वही गोकुल गंगा घाट है, जिस घाट से सती बिहुला अपने मृत पति को जीवन दान दिलाने मंजूषा पर सवार होकर जलमार्ग से देवलोक की ओर गई थी।

लखिराज समाज इस मंदिर को करता है संचालित

यह मन्दिर लखिराज समाज (तंतुवाय समाज) के द्वारा संचालित होता है। जो प्राचीन काल से तांती समाज के धरोहर के रूप से प्रसिद्ध है। इस मन्दिर में अगर कोई भक्त सच्चे मन और पवित्र हृदय से भगवान को ग्यारह तुलसी दल में चंदन से राम नाम लिख कर लगातार तीन माह तक अर्पित करते हैं, तो उसकी सरी मनोकामनाएं सिद्ध होती है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.