Breaking News

मुजफ्फरपुर जंक्शन पर स्कैनर में फंसा बच्चा, मशीन बंदकर लोगों ने उसे निकाला तो बची जान

मुजफ्फरपुर जंक्शन स्थित लगेज स्कैनर मशीन के पास गिरे हुए पांच का सिक्का उठाने के क्रम में एक पांच वर्षीय बच्चा उसमें फंस गया। उसका पूरा शरीर मशीन के अंदर चला गया। उसके चिल्लाने पर मौके पर अफरातफरी मच गयी। मशीन को बंदकर और रोलिंग बेल्ट को काटकर बच्चे को बाहर निकाला गया। इसमें उसे चोट आयी और सीना में हल्का जख्म हो गया। रेलवे के डॉक्टर ने उसका प्राथमिक उपचार किया। फिर उसे चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया गया। जंक्शन पर एक बड़ा हादसा टल गया।

स्कैनर मशीन के पास एक जवान की तैनाती रहती है। लेकिन, उस समय वह वहां पर नहीं था।मौके पर मौजूद यात्री सुमन कुमार ने बताया कि करीब पांच वर्षीय बच्चा वहां खेल रहा था। इसबीच उसे एक स्कैनर के समीप एक सिक्का गिरा हुआ दिखा। जिसे वह उठाने का प्रयास किया। इस क्रम में वह स्कैनर के अंदर घुस गया। चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर वहां मौजूद लोग पहुंचे। RPF व GRP के जवान भी भागकर पहुंचे। किसी तरह उसे एक यात्री की मदद से उसे निकाला जा सका।

बताया जा रहा है वह बच्चा कूड़ा-कचड़ा चुनने का काम करता है। अक्सर प्लेटफॉर्म और इसके पास ही दिखता है। RPF ने उसे चाइल्ड लाइन के हवाले कर दिया है। बच्चे के नाम पते का सत्यापन कर उसके परिजन की तलाश की जा रही है। बता दें कि स्टेशन पर तीन लगेज स्कैनर लगा हुआ है। एक वेटिंग एरिया, एक पूछताछ कार्यालय और तीसरा प्लेटफॉर्म संख्या तीन स्थित सिढी के पास है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.