Breaking News

दूल्हे ने स्टेज पर शादी से किया इनकार, मोतिहारी में जयमाल के बाद रोकी शादी तो दुल्हन के घरवालों ने बनाया बंधक

मोतिहारी में एक दूल्हे ने जयमाल के स्टेज पर शादी से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर दुल्हन के घर वालों ने दूल्हे समेत उसके परिजनों को बंधक बना लिया है। मामला जिले के गायत्री नगर की है। शुक्रवार को गई बारात अब तक वापस नहीं लौटी है। सभी का मोबाइल भी स्विच ऑफ बता रहा है। लड़की वाले पक्ष की तरफ से ही किसी ने दूल्हे के घर इसकी सूचना दी कि सभी को एक कमरे में बंद करके रखा गया है।

दरअसल, बेतिया के योगापट्टी थाना के बेलनवा निवासी ब्रजकिशोर शुक्ला के छोटे बेटे सर्वेश शुक्ला की शादी 6 महीने पहले मोतिहारी के गायत्री नगर निवासी स्वर्गीय ओम पांडे की बेटी से तय हुई थी। शादी 10 जून को होनी थी। निर्धारित तिथि को बारात बेतिया के योगापट्टी से मोतिहारी पहुंच गई।

वैवाहिक कार्यक्रम शुरू हुआ ही था कि जयमाला के बाद दूल्हे ने शादी करने से इनकार कर दिया। दुल्हन पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। दूल्हा सर्वेश शुक्ला, दूल्हे के पिता चाचा रामाधार शुक्ला, नंदकिशोर शुक्ला, भाई रवि कांत शुक्ला, चचेरे भाई मनकेश्वर शुक्ला, मणि कांत शुक्ला, संजय कांत शुक्ला फूफा चंद्रमणि तिवारी, बहनोई बृजेश तिवारी सहित दर्जनों से ज्यादा लोगों को बंधक बना लिया।

स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन।

स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन।

दहेज के पैसे की हो रही है मांग

दुल्हन पक्ष का कहना है कि 12 लाख रुपए नगद दिया गया था। इसके साथ ही तकरीबन 7 से 8 लाख रुपए शादी में खर्च हो गया है। सब कुछ खर्च होने के बाद दूल्हे द्वारा शादी से इंकार कर दिया गया। ऐसे में जो भी खर्च लगा है वह पैसा दूल्हा पक्ष के तरफ से लौटाया जाए।

6 माह पहले हुई थी रिंग सेरेमनी

ऐसा नहीं कि पहले दूल्हे ने दुल्हन को नहीं देखा था। शादी से 6 माह पहले बेतिया स्थित काली बाग मंदिर में दोनों पक्षों के रिश्तेदारों के साथ लड़की और लड़के ने एक दूसरे को रिंग पहनाकर रिंग सेरेमनी के रस्म को पूरा किया था।

वहीं लड़की के परिजनों का कहना है कि लड़के का एक महिला से अफेयर चल रहा है, इसलिए लड़के ने शादी से इनकार किया है। पैसे के एवज में लड़के के घरवाले लड़की के परिजनों को जमीन देने के लिए तैयार हुए हैं। जिसकी रजिस्ट्री लड़की वालों के नाम से होगी। इसके बाद ही लड़के वालों को छोड़ा जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.