लालू प्रसाद पत्नी राबड़ी देवी के साथ अपने 75वीं जन्मदिन पर अपने आवास पर पौधरोपण करते दिखे। उनके समर्थक देश भर में उनका जन्मदिन मना रहे हैं। वहीं, पटना शहर उन्हें बधाई देने से पट गया है।
सभी चौक- चौराहों पर समर्थकों ने पोस्टर लगाए हैं। इस बार लालू प्रसाद पटना में हैं इसलिए समर्थकों का उत्साह कई गुणा ज्यादा है। हालांकि उनकी सेहत अभी भी काफी अच्छी नहीं है। लालू प्रसाद आज अपने पार्टी कार्यालय भी पहुंचेंगे।
मीसा भारती ने सोशल मीडिया पर दीं शुभकामनाएं
लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती ने सोशल मीडिया पर लिखा है- “इंसान आएँगे जाएँगे, पर जो सामाजिक न्याय की अतुलनीय अमिट सशक्त विरासत बनकर हर कमज़ोर की ज़ुबान पर सदा के लिए सज जाएँगे, वही लालू जी कहलाएँगे! जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएँ पापा!”

चंदा यादव ने सुपर हीरो कहा तो हेमा यादव ने अनंत नदी
लालू प्रसाद की बेटी चंदा यादव ने ट्वीट कर लालू प्रसाद को अपना ‘सुपर हीरो’ कहा है। हेमा यादव ने लालू प्रसाद की तुलना अनंत नदी से की है। हेमा यादव ने लालू प्रसाद की पीकॉक ब्लू कलर की टीशर्ट पहने हुए फोटो भी पोस्ट की है। जन्म दिन पर लालू प्रसाद का एक पोस्टर खूब वायरल हो रहा है जिसमें लालू काफी खुश दिख रहे हैं। उनके चारों ओर चार सफेद कबूतर उड़ रहे हैं और एक हाथ में तराजू है। पोस्टर पर लिखा है- सामाजिक न्याय और सद्भावना दिवस। युवा राजद ने पोस्टर जारी कर लिखा है-‘ लालू प्रसाद सामाजिक न्याय और समानता की वह आवाज हैं जो जब तक इस दुनिया में इंसान है तब तक आवाज जन-चेतना बनकर गूंजती रहेगी।’
12 बजे लोहिया-कर्पूरी पुस्तकालय का उद्घाटन करेंगे लालू
राजद कार्यालय में लालू प्रसाद लोहिया-कर्पूरी पुस्तकालय का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन 12 बजे किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने सभी जिला अध्यक्षों, प्रखंड अध्यक्षों आदि को निर्देश दिया है कि इस अवसर पर गरीबों को भोजन कराएं। लालू प्रसाद का जन्म दिन सामाजिक न्याय और सद्भावना दिवस के रुप में मनाने का निर्देश भी दिया गया है। महासचिव भाई अरुण ने बताया कि राजद कार्यालय के पीछे झोपड़पट्टी में 10 बजे भोजन कराया जाएगा।
कई तरह के पोस्टरों के जरिए शुभकामनाएं
पोस्टरों में कार्यकर्ताओं ने लालू प्रसाद को अलग-अलग तरह से जन्म दिन की शुभकामनाएं दी हैं। पार्टी महासचिव अरुण कुमार व कई अन्य ने सामूहिक रुप से लालू प्रसाद को महानायक और भगवान बताया है। इसी तरह के कई पोस्टर राबड़ी देवी के आवास के बाहर, राज कार्यालय के समीप, आयकर चौराहा आदि स्थानों पर लगाए गए हैं। जानकारी है कि राबड़ी देवी के आवास में भी लालू प्रसाद का जन्म दिन मनाया जाएगा।
लालू पाठशाला का पोस्टर कई स्थानों पर रात में लगाया गया
छात्र जनशक्ति परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राजद विधायक तेजप्रताप यादव अपने आवास में केक काटकर लालू प्रसाद का जन्म दिन मनाएंगे। वे पटना की दलित बस्ती से लालू पाठशाला की शुरूआत भी करने वाले हैं। इससे जुड़े पोस्टर भी शहर में कई स्थानों पर शुक्रवार की रात लगाए गए। तेजप्रताप यादव ने ट्वीटर पर लिखा है कि- ‘आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी के जन्म दिन पर जनशक्ति के पांच संकल्पों में से एक संकल्प शिक्षा को बढ़ावा देते हुए लालू पाठशाला का शुभारंभ करने जा रहा हूं ताकि ये भ्रष्ट सरकार शिक्षा में बाध न बने।’






Leave a Reply