Breaking News

लालू यादव के कमरे में लगी आग:पलामू में शॉर्ट सर्किट से जला पंखा, सेवादार ने तुरंत काटी बिजली

झारखंड के पलामू में ठहरे बिहार के पूर्व मुख्‍यमंत्री लालू प्रसाद यादव के कमरे में सोमवार को आग लग गई। पलामू के सर्किट हाउस में लालू यादव के लिए आवंटित किए गए कमरे की दीवार पर लगे पंखे में शॉट सर्किट के कारण यह घटना हुई। आग लगने की सूचना मिलने ही वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। घटना में राजद सुप्रीमो पूरी तरह सुरक्षित हैं।

सर्किट हाउस में मौजूद लालू यादव

सर्किट हाउस में मौजूद लालू यादव

बताया गया कि जिस समय कमरे में आग लगी, उस समय लालू डाइनिंग हॉल में नाश्ता करते हुए अखबार पढ़ रहे थे। आग लगने की सूचना पर आनन-फानन में तुरंत लालू यादव के सेवादार और सर्किट हाउस के कर्मचारियों ने मोर्चा संभाल लिया। बिजली का कनेक्‍शन काटकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।

कमरे में लगी आग

कमरे में लगी आग

बता दें कि लालू प्रसाद यादव सोमवार को ही बिहार से झारखंड पहुंचे हैं। यहां वह पलामू की अदालत में उनके खिलाफ चल रहे आदर्श आचार संहिता उल्‍लंघन के मामले में 8 जून को हाजिर होंगे। यह मामला चुनाव प्रचार के दौरान सभा स्‍थल पर बिना इजाजत के हेलिकॉप्‍टर उतारने से जुड़ा है। इस मामले में कोर्ट ने लालू को हाजिर होने के लिए आखिरी नोटिस दिया था।

लालू यादव से मिलने पहुंचे लोग।

लालू यादव से मिलने पहुंचे लोग।

मंगलवार की सुबह से लालू से मिलने वालों का तांता लगा रहा। सुबह से ही सर्किट हाउस में गहमागहमी देखी जा रही है। यहां आने वाले अधिकतर लोग लालू प्रसाद का पैर छूकर आशीर्वाद ले रहे हैं। लालू भी सभी से उनका हाल-चाल पूछकर उनका मान रख रहे हैं।

कई लोग लालू के लिए खाने-पीने की चीजें लेकर भी पहुंचे हैं। हालांकि, लालू यादव अभी डायट पर हैं। वे बहुत ही नियंत्रित और सुपाच्‍य भोजन कर रहे हैं। फिलहाल लालू की तबीयत ठीक है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.