Breaking News

फिर भट्ठी-सा तप रहा बिहार, पारा 45 के पार:33 जिलों में 48 घंटों तक राहत नहीं

बिहार का मौसम भी अजब हो गया है। कहीं भारी बारिश तो कहीं प्रचंड धूप हो रही है। राज्य का अधिकतम तापमान 45 डिग्री पार हो गया है। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटे में पूर्णिया सहित राज्य के 5 जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट किया है। बारिश के साथ ही गर्मी को लेकर भी अलर्ट है। मौसम विभाग ने मानसून आने तक राज्य में ऐसे ही बारिश के बीच कड़ी धूप वाले मौसम का पूर्वानुमान जताया है। पूर्वानुमान है कि 12 जून के बाद राज्य का मौसम थोड़ा ठंडा होगा।

बिहार के मौसम का यूपी कनेक्शन

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह हो रहा है। इसकी रफ्तार भी 10 से 12 किलो मीटर प्रति घंटे की है। इसके साथ ही एक चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आस पास के क्षेत्रों में बना हुआ है। एक पूर्व पश्चिम ट्रफ रेखा पूर्वी उत्तर प्रदेश में बने चक्रवाती परिसंचरण के क्षेत्र से नागालैंड तक बिहार उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और असम से गुजर रही है।

इसी के साथ एक उत्तर-दक्षिण ट्रफ रेखा भी बिहार से तटीय आंध्र प्रदेश तक झारखंड एवं छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इन मौसमी कारणों से ही बिहार का मौसम प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 48 घंटे में राज्य में दिन के तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा, हालांकि 24 घंटे के दौरान औरंगाबाद में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 45 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।

5 जिलों में होगी भारी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में बारिश को लेकर जो सिस्टम उत्तर प्रदेश से एक्टिव हो रहा है उससे पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में राज्य के उत्तर पश्चिम उत्तर मध्य एवं दक्षिण पूर्व भागों के एक दो स्थानों एव उत्तर पूर्व भागों के कुछ स्थानों पर गरज व बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसके साथ ही मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर पूर्व भागों के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिले के एक दो स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी दी है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.