बिहार में एक बार फिर पारा 42 डिग्री के पार होने जा रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटे में राज्य के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री बढ़ोत्तरी की संभावना जताई है। मौजूदा समय में राज्य का अधिकतम तापमान 39 डिग्री के आस पास है। ऐसे में आने वाले समय में प्रचंड गर्मी पड़ेगी। अब यह स्थिति राज्य में मानसून के आने तक बनी रहेगी। सेहत के लिहाज से यह मौसम बीमारियों वाला कहा जाएगा और इसमें थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ सकती है।
24 घंटे में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 24 घंटे के दौरान राज्य के पूर्वी भागों में बारिश को लेकर अलर्ट किया है। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के दक्षिण पश्चिम भागों को छोड़कर सभी भागों में एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई है, जबकि राज्य के अररिया जिले के फारबिसगंज और सुपौल जिले के वीरपुर में भारी बारिश हुई है। पूर्वानुमान है कि आने वाले 24 घंटे में राज्य के पूर्वी भागों में एक या दो स्थानों पर बिजली के साथ मेघ गर्जन होगा। इस दौरान हवा की रफ्तार भी काफी तेज होगी। पूर्वानुमान के मुताबिक 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

जानिए बारिश का कनेक्शन
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में बारिश का कनेक्शन यूपी, राजस्थान, झारखंड और बंगाल से हो रहा है। एक पूर्व पश्चिमी ट्रफ रेखा उत्तर पश्चिमी राजस्थान से दक्षिण उत्तर प्रदेश बिहार होते हुए दक्षिण बंगला देश तक जा रही है। इसके अतिरिक्त एक चक्रवाती परिसंचरण का क्षेत्र झारखंड और उसके आस पास बना हुआ है। इस कारण से राज्य में बारिश का मौसम बना हुआ है।

मौसम विभाग का कहना है कि केरल में 3 दिन पहले मानसून आ गया है लेकिन अभी बिहार में इसके आने में 12 दिन से अधिक समय लगेगा। ऐसे में इस बीच मौसम उतार चढ़ाव वाला ही होगा, नवतपा चल रहा है। इस कारण से तापमान में भी बढ़ोत्तरी देखी जा सकेगी।
जानिए 24 घंटे में कैसा होगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी पश्चिमी ट्रफ रेखा और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के पूर्वी भागों के एक दो स्थानों पर बिजली के साथ मेघ गर्जन और सतह पर हवा की गति 30 से 40 किलो मीटर प्रति घंटे होगी। इसके साथ ही राज्य के उत्तर पश्चिमी और उत्तर मध्य भागों में एक या दो स्थानों पर बिजली के साथ मेघ गर्जन की संभावना है।
वहीं बात अगले 48 घंटे की करें तो राज्य के पूर्वी भागों में एक या दो स्थानों पर बिजली के साथ मेघ गर्जन और सतह पर हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे होने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि इन मौसमी कारकों के प्रभाव से राज्य भर में अगले 48 घंटे के दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की बढ़ोत्तरी देखी जा सकती है। 24 घंटे के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान रोहतास के डेहरी में 29.8 डिग्री दर्ज किया गया है।




Comment here