जिले से गुजरने वाली एनएच-106 की खस्ताहाल इनदिनों परेशानी का सबब बनते जा रहा है। जगह-जगह तो सड़क बन गई है, पर खासतौर से ग्वालपाड़ा से उदाकिशुनगंज की 10 किलोमीटर की दूरी बारिश शुरू होने के साथ ही वाहन चालकों के लिए परेशानी खड़ा रहा है। सड़क निर्माण के लिए डाली गई कच्ची मिट्टी बारिश के कारण कीचड़ में तब्दील हो गई है। इस कारण से ग्वालपाड़ा से उदाकिशुनगंज या उदाकिशुनगंज से ग्वालपाड़ा की ओर गलती से आ जाने वाले वाहन चालक पछताते रहते हैं। इसके अलावा कीचड़ में गाड़ी के फंस जाने के बाद उसे निकालने में भी दूसरे वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। इसे देखते हुए जानकार वाहन चालक उदाकिशुनगंज से बिहारीगंज, सरौनी होते हुए ग्वालपाड़ा आना शुरू कर दिए हैं। लेकिन इसके लिए भारी वाहन चालकों को कम से कम पांच लीटर ज्यादा डीजल खर्च करना पड़ रहा है। इससे डीजल-पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों को देखते हुए महज 10 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए दूसरे रास्ते से 500 रुपए तक अधिक खर्च करना पड़ रहा है। जबकि चार पहिया वाहन चालकों को 200 रुपए तक अधिक खर्च करना पड़ रहा है। इसका सीधा असर यात्री वाहन के भाड़े पर भी पड़ने लगा है। वैसे डीएम श्याम बिहारी मीणा ने स्थिति को खराब होता देख दो दिन पहले ही एनएच और संवेदक कंपनी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान संवेदक कंपनी के पदाधिकारियों को दो टूक कहा गया कि एक सप्ताह में सड़क को मोटरेबल नहीं किया गया तो बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्री-मॉनसून की बारिश में ही पटेल चौक से हरैली तक एनएच कीचड़मय
अभी प्री-मॉनसून की बारिश हो रही है। इसी में ही यह हाल है, तो अगले माह से होने वाली मानसूनी बारिश में स्थिति और भी खराब हो जाएगी। ऐसे में एकबार फिर से इस पथ होकर गुजरने वाले वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ने वाली है। खासकर उदाकिशुनगंज के पटेल चौक से हरैली बजरंगबली मंदिर तक के एनएच 106 की दशा ऐसी हो गई है कि सभी छोटी-बड़ी गाड़ी 20 किलोमीटर बिहारीगंज, सरौनी होते हुए ग्वालपाड़ा जाती है। जिला मुख्यालय जाने के लिए आमजन को 35 के बदले 55 किलोमीटर की दूरी तय करना पड़ रहा है। वाहन चालक के द्वारा सौ रूपए तक भाड़ा वसूला जाने लगा है। जगह-जगह ट्रक, बस, ऑटो, बाइक इस सड़क पर फैले कीचड़ में फंस जा रहे हैं। इस कारण से कोई भी वाहन एनएच 106 पर आना नहीं चाहता है।

एनएच-106 पर कीचड़ में फंसा ट्रक।
दर्जनों छोटे-बड़े वाहन कीचड़ में रोज फंस रहे
उदाकिशुनगंज पटेल चौक के स्टैंड क्लर्क मानो यादव ने बताया कि सड़क पर थोड़ी बहुत बारिश होने पर पैदल चलने के लायक नहीं रह जाता है। दर्जनों छोटी-बड़ी वाहन कीचड़ में रोज फंस रहे हैं। इससे वाहन को नुकसान भी हो रहा है। गाड़ी के कई पार्ट्स भी कीचड़ में फंसकर टूट जाते हैं। टायर घिसता है सो अलग। इस कारण अब वाहन चालक एनएच 106 से उदाकिशुनगंज से ग्वालपाड़ा तक वाहन चलाने से परहेज कर दूसरा रूट अख्तियार कर रहे हैं। वहीं, ट्रक चालक राजकुमार पासवान, ओमप्रकाश गुप्ता, प्रमोद यादव, सनोज पासवान आदि ने बताया हमलोग रूट को बदल कर वाहन चलाने पर मजबूर हैं।
लगातार की जाएगी मॉनिटरिंग
आज से लगातार निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग की जाएगी। ताकि अविलंब उदाकिशुनगंज से ग्वालपाड़ा से सड़क मोटरेबल हो जाए।
राजीव रंजन सिन्हा, एसडीएम, उदाकिशुनगंज







Leave a Reply