महिलाओं के एक गैंग ने सुपर मार्केट से मिनटों में बहुत सारा समान पार कर लिया। कर्मचारियों को बातों में उलझाकर बेहद शातिर तरीके से इस गैंग ने अंडरगारमेंट्स में समान छुपाकर चोरी की। हालांकि, वहां लगे कैमरों से यह गैंग बच नहीं सका। स्टोर संचालक ने फुटेज के आधार पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मामला नागौर के मकराना थाने का है। पुलिस ने बताया कि बोरावड़ में मौजूद एक सुपर मार्केट में शुक्रवार शाम को कुछ महिलाएं खरीदारी करने आईं थीं। इस गैंग ने कर्मचारी को बातों में उलझाकर अपने अंडरगारमेंट में देसी घी,बादाम व दूसरा समान छुपाया और निकल गईं। शनिवार को मामला सामने आने के बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है।
खरबूजे के बीज मांगकर उलझाया
सुपर मार्केट के मैनेजर मंगला राम ने बताया कि शुक्रवार को शाम 4 बजकर 25 मिनट पर चार महिला खरीददारी करने आईं। उस समय राशन और कॉस्मेटिक सामान के काउंटर पर दो कर्मचारी काम कर रहे थे। उनमें से एक बिलिंग काउंटर पर और एक महिला कर्मचारी कॉस्मेटिक सामान के पास थी। महिलाओं ने कर्मचारी से खरबूजे के बीज मांगे। जिस पर कर्मचारी उसे स्टोर में ढूंढने में व्यस्त हो गई। इस दौरान तीन महिलाओं ने बारी-बारी से अलग-अलग ब्रांड के 9 पैकेट घी, 1 किलो बादाम, 4 पैकेट बर्तन धोने का साबुन और 1 पैकेट नहाने का साबुन अपने अंडरगारमेंट में छिपा लिया।
सिर्फ 10 मिनट में चोरी की वारदात को अंजाम देकर स्टोर ने निकल गईं। इस दौरान महिलाओं ने बड़े ही शातिर तरीके से कैमरे की नजर से बचने का प्रयास करते हुए सामान को अपने अंडर गारमेंट्स में छिपाया। जबकि एक महिला कर्मचारियों को बातचीत में उलझाती रही। फिर भी शातिर महिलाओं की करतूत सीसीटीवी में कैद हो गई। मकराना थानाधिकारी प्रमोद कुमार शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के साथ अज्ञात महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट मिली है।



शक ना हो इसलिए 200 रुपए की खरीददारी की
महिलाओं पर किसी को शक न हो इसके लिए उन्होंने स्टोर से 200 रुपए के सामान भी खरीदा। शॉपिंग करने के बाद ये महिलाएं अलग-अलग दिशाओं में चली गईं। शाम को स्टॉक में घी के नौ डिब्बे, एक किलो बादाम का पैकेट कम मिलने पर मैनेजर ने सीसीटीवी खंगाले तो चोरी की बात सामने आई।




Leave a Reply