Breaking News

गड्ढ़ों पर डीएम का अल्टीमेटम: डीएम की सख्ती के बाद मोतीझील में ड्रेनेज बनाने के काम में तेजी

निर्माण एजेंसियों पर डीएम की सख्ती के बाद शनिवार को मोतीझील में नाला बनाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया। नाला बनाने के लिए मोतीझील से कल्याणी के बीच बगैर किसी सूचना के पूरी तरह से ट्रैफिक बंद कर देने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। अभी मोतीझील से कल्याणी के बीच ट्रैफिक बाधित रहेगा। स्मार्ट सिटी अधिकारी का कहना है कि शुक्रवार को डीएम के साथ बैठक में मोतीझील-कल्याणी के बीच ट्रैफिक बंद करने का फैसला लिया गया था।

डीएम के अल्टीमेटम के बाद लिली कंस्ट्रक्शन ने मोतीझील से कल्याणी के बीच ट्रैफिक बंद कर दो अलग-अलग गैंग को लगाया। 27 मई तक मोतीझील का गड्ढा भर लेने का डीएम ने अल्टीमेटम दे रखा है। डीएम की चेतावनी के बाद भले ही शनिवार को मोतीझील में काम शुरू कर दिया गया।

लेकिन, बाकी शहर में काम करने में कोई प्रगति नहीं दिखी। नव युवक समिति ट्रस्ट से सूतापट्टी मोड़ तक छोटी सरैयागंज में शनिवार को एक भी मजदूर कहीं काम करते नहीं दिखा। यहीं स्थिति टावर से आगे सिकंदरपुर मोड़ के बीच भी बनी हुई है। यहां भी कोई काम पिछले 25 दिनों से नहीं हो रहा है।

ये शहर का सबसे बड़ा पेन एरिया, दैनिक भास्कर कर रहा मॉनिटरिंग

काम पूरा कर शहर के बेतरतीब गड्‌ढों को भरने के लिए डीएम ने 30 मई तक का अल्टीमेटम दिया है। शहर की इस सबसे बड़ी समस्या की मॉनिटरिंग दैनिक भास्कर लगातार कर रहा है। सजग नागरिक होने के नाते आप भी अपने क्षेत्र में चल रहे काम पर नजर रखें। आप हमें कोई भी जानकारी 9431461305 और 8770590675 नंबरों पर वाट्सएप कर सकते हैं।

खोखर इन्फ्रास्ट्रक्चर को ही बैरिया गोलंबर से लक्ष्मी चौक, ब्रह्मपुरा होते हुए स्टेशन तक सड़क व नाला बनाने की जिम्मेदारी है। जगह-जगह गड्ढा करके एजेंसी द्वारा छोड़ दिया गया है। शनिवार को बैरिया गोलंबर, एमआईटी व मालगोदाम चौक पर कुछ काम करते दिखे। कंपनी बाग रोड में यूटिलिटी शिफ्टिंग का काम शुरू कर दिया गया है।

बिजली का केबल डालने के लिए नाले में पाइप डाला जा रहा है। फेस लिफ्टिंग के तहत श्री राम सागर कंस्ट्रक्शन को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। स्मार्ट सिटी से तीनों निर्माण एजेंसी को डीएम की सख्ती के बाद शनिवार को नोटिस जारी किया गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.