उमस भरी गर्मी के बीच सोमवार को एक और बच्चे में एईएस की पुष्टि हुई हैं। मीनापुर के शाहपुर गांव निवासी संजय बैठा के 10 माह के बेटे वकील कुमार को 19 मई को चमकी बुखार के बाद एसकेएमसीएच के पीआईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया था। उसकी पैथोलॉजिकल रिपोर्ट में एईएस की पुष्टि की गई हैं। इसके साथ ही अब एईएस पीड़ित बच्चों की संख्या 37 हो गई है।
इसमें से 25 एईएस पीड़ित बच्चे मुजफ्फरपुर, तीन मोतिहारी, चार सीतामढ़ी, दो वैशाली और एक-एक बच्चे अररिया व बेतिया जिले के हैं। इनमें से सीतामढ़ी व वैशाली के एक-एक बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो चुकी है। वहीं, 33 बच्चे स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। बीमार हुए बच्चों में 25 लड़का व 12 लड़कियां हैं। उपाधीक्षक सह शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. गोपाल शंकर सहनी ने बताया कि पीआईसीयू वार्ड में वर्तमान में एईएस मरीज भर्ती है।
कटरा, मड़वन, मुरौल और सरैया प्रखंड में एईएस से अब तक कोई बीमार नहीं
मुजफ्फरपुर जिले में मिले 25 एईएस मरीजों में औराई, बोचहां, कांटी, साहेबगंज व गायघाट प्रखंड के एक-एक बच्चे, बंदरा, मोतीपुर व पारू के दो-दो बच्चे, सकरा व कुढ़नी के तीन-तीन बच्चे और मुशहरी व मीनापुर प्रखंड के चार-चार बच्चे हैं। जिले के 16 में से 12 प्रखंड इस सीजन में एईएस की चपेट में आ चुके हैं। अब तक कटरा, मड़वन, मुरौल और सरैया प्रखंड में कोई एईएस से बीमार नहीं हुआ है।







Leave a Reply