Breaking News

श’राब बंदी को लागू कराने में सरकारी तंत्र फेल, तमाम पाबंदियों के बाद भी पहुंची बड़ी खेप

बिहार में पूर्ण शराब बंदी कानून को लागू करा पाने में राज्य सरकार का तंत्र पूरी तरह से फेल हो चुका है। कई प्रकार की कोशिशों और पाबंदियों के बाद भी राजधानी में शराब की बड़ी खेप आसानी से पहुंच जा रही है। इसकी भनक न तो पुलिस को लग पाती है और न ही शराब बंदी कानून को सख्ती से लागू करा पाने में जुटी दूसरी एजेंसियों को। इसी का नतीजा है कि शराब माफिया बेधड़क दूसरे राज्यों से लाखों रुपए की बड़ी खेप को आसानी से पटना में मंगवा लेते हैं।

शराब बरामदगी का ताजा मामला पटना में कदमकुआं थाना इलाके का है। डीएन दास रोड में स्थित एक घर से 90 कार्टन विदेशी शराब की खेप बरामद की गई है। जिसकी कीमत करीब 70 लाख से अधिक बताई गई है। इस कार्रवाई को एक्साइज डिपार्टमेंट की टीम ने कदमकुआं थाना की पुलिस के साथ मिलकर अंजाम दिया। असिस्टेंट कमिश्नर किशोर साह के अनुसार शराब के धंधे को नालंदा जिला का रहने वाला सींटू कुमार चला रहा था। पिछले एक साल से वो इस धंधे में एक्टिव है। यहां पर किराए पर उसने ही घर लिया था। अभी तक की पड़ताल में पता चला है कि उसने शराब की तीसरी बड़ी खेप मंगवाई थी। पेपर के कारोबार के नाम पर इस जगह को उसने किराए पर लिया था। मौके पर सींटू तो नहीं मिला, पर उसकी पत्नी अनुराधा जरूर हाथ लगी। टीम ने उसे अपने कब्जे में ले लिया है। डिटेन कर उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही मकान मालिक से भी पूछताछ की गई है।

शराब के बरामद खेप को जब्त कर लिया गया है। अब सींटू की कुंडली खंगाली जा रही है। इसके बारे में गुप्त सूचना मिली थी। जिसे पुख्ता किया गया और फिर शनिवार की देर शाम को छापेमारी की कार्रवाई की गई। फिलहाल शराब का धंधेबाज सींटू फरार है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.