भगवानपुर प्रखंड के बूढ़ी गंडक नदी पर बने बांध का स्थलीय निरीक्षण अधिकारियों के साथ डीएम रौशन कुशवाहा ने गुरुवार को किया। बाढ़ पूर्व तैयारी व बूढ़ी गंडक नदी में हो रहे कटाव का जायजा लेने डीएम के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने संजात में ककराही घाट से भीठ स्थित स्लुइस गेट तक का जायजा लिया।डीएम ने बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को साफ तौर पर कहा कि मानसून प्रवेश करने के पूर्व कटाव निरोधक कार्य हर हाल में दुरुस्त होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के साथ बांध पर पानी का दबाव पड़ने वाले स्थलों का अवलोकन किया।
उन्होंने संजात सहित अन्य स्थलों पर बांध की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों को मानसून आने के पूर्व कटाव निरोधक कार्य पूरा करवाने का आश्वासन दिया। उसके बाद भीठ स्थित स्लुइस गेट की स्थिति का जायजा लिया। बीडीओ मुकेश कुमार ने बताया कि डीएम ने स्लुइस गेट की मरम्मती के लिए आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिया व कार्य को यथाशीघ्र पूरा करने का निर्देश भी दिया। बीडीओ ने मानोपुर से बनहारा तक बलान नदी पर बने बांध की स्थिति के बारे में भी डीएम को जानकारी दी गई। डीएम ने कार्य को पूरा करवाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने भी डीएम से जर्जर तटबंध व स्लुइस गेट को ठीक करवाने की मांग की।
मौके पर तेघड़ा एसडीओ राकेश कुमार, बाढ़ नियंत्रण विभाग रोसड़ा के कार्यपालक अभियंता जितेंद्र कुमार, सहायक अभियंता नारद कुमार, डीसीएलआर तेघड़ा, बीडीओ मुकेश कुमार, सीओ वीणा भारती, प्रमुख इंद्रजीत कुमार, उप प्रमुख पंकज कुमार, नरहरिपुर मुखिया सुनील कुमार राय, देवबालक चौधरी, कंचन मिश्रा, उपमुखिया अगम कुमार, पंकज साह, पैक्स अध्यक्ष विजय कुमार झा आदि मौजूद थे। विदित हो कि इसी सप्ताह एसडीओ तेघड़ा के नेतृत्व में बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने भी बांध का निरीक्षण किया था।



Leave a Reply