Breaking News

प्रचंड गर्मी के बीच पटना, मुजफ्फरपुर में हल्की बारिश, गया समेत 10 जिलों में बारिश का अलर्ट

बिहार में प्रचंड गर्मी के बीच अब बारिश का माहौल बन रहा है। मौसम विभाग ने पटना सहित 10 जिलों में ऑरेज अलर्ट किया है। अगले 2 से 3 घंटे में इन जिलों में बारिश हो सकती है। पटना में मौसम ने अपना मिजाज बदल भी लिया है और तेज हवाओं के साथ आसमान में बादल छा रहा है। वहीं गोपालगंज, नालंदा में बारिश शुरू हो गई है।

मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए पश्चिमी चंपारण, गया, नवादा, शेखपुरा, नालंदा, सीवान, सारण, पटना, भोजपुर और अरवल में बारिश को लेकर अलर्ट किया है। इन जिलों में गरज के साथ बारिश होगी। इसी क्रम में मौसम विभाग ने भोजपुर, बक्सर, सारण, पूर्वी चंपारण, जमुई, मुंगेर, मधुबनी, सुपौल और अररिया में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

46 डिग्री के पार होगा पारा

बिहार में दो दिनों से लगातार अधिकतम तापमान 45 डिग्री के पार चल रहा है। बुधवार को बिहार में अधिकतम तापमान 45 डिग्री बक्सर में रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे के दौरान राज्य के उत्तरी भागों के एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। अररिया में 5.2 एमएम और गोनहा में 16 एमएम बारिश हुई है। राज्य के अधिकांश जिलों में बुधवार को मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहा है। हवा का प्रवाह भी गति वाली नहीं थी, जिससे गर्मी का एहसास रात में अधिक हुआ है। बुधवार की पूरी रात उमस रही और हवा नहीं चलने से राहत नहीं मिली।

तेज आंधी के कारण बिहार शरीफ कृषि कार्यालय के बाहर बिजली के पोल पर टूट कर गिरा पेड़।

तेज आंधी के कारण बिहार शरीफ कृषि कार्यालय के बाहर बिजली के पोल पर टूट कर गिरा पेड़।

जानिए क्यों बदल रहा मौसम का रंग

मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के उत्तरी भागों में 8 से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह हो रहा है। वहीं राज्य के दक्षिणी भागों में पछुआ एवं दक्षिण पछुआ हवा का प्रवाह हो रहा है। इसके साथ ही एक पूर्व पश्चिम ट्रफ रेखा उत्तर पश्चिम राजस्थान से पश्चिमी असम तक दक्षिणी उत्तर प्रदेश दक्षिणी बिहार और उप हिमालयी पश्चिम बंगाल से होकर समुद्र तल से 0.9 किलो मीटर ऊपर गुजर रही है। इस कारण से बिहार में मौसम का रंग बदल रहा है।

जानिए आज कैसा होगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में बन रहे मौसमी कारकों के प्रभाव से अगले 24 घंटे में राज्य के उत्तरी भागों के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी। इस दौरान दिन के तापमान में अगले 48 घंटे तक कोई खास बदलाव नहीं होगी। इससे गर्मी के कारण लोगों को बचाव करना होगा।

गोपालगंज में बारिश।

गोपालगंज में बारिश।

डॉक्टरों ने किया सावधान

बिहार में बदल रहे मौसम को लेकर डॉक्टरों ने भी लोगों को अलर्ट किया है। पटना के बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सुमन का कहना है कि राज्य में जिस तरह से मौसम है उसमे बीमारी का बहुत खतरा है। बच्चों में उल्टी दस्त और बुखार की समस्या मौसम के कारण ही बढ़ी है। बच्चों को सुरक्षित रखें धूप से बचाएं। डॉक्टर राणा एसपी सिंह का कहना है कि मौसम का जब भी उतार चढ़ाव होता है तो सेहत पर प्रभाव पड़ता है। इधर कुछ दिनों से मौसम के दो रंग है। कभी गर्मी तो कभी बारिश हो रही है। ऐसे में लोगों को संभल कर सावधानी पूर्वक रहना होगा। खान पान के साथ धूप से बचाव करना होगा। बच्चों और वृद्ध के साथ बीमार लोगों को इस मौसम में पूरी तरह से सावधान रहना होगा।

पटना में सुबह की हवा से मिली थोड़ी राहत

पटना में सुबह हवा की रफ्तार बढ़ने के साथ थोड़ी सी राहत मिली थी। इससे आसमान में बादलों का असर दिखा है। हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण बिहार में पटना सहित अन्य जिलों में भी दिन के तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं दिखाई देगा। ऐसे में यह साफ है कि हवा का प्रभाव भी अधिक समय तक नहीं रहेगा। पटना से लेकर राज्य के 31 जिलों में लोगों को गर्मी से परेशानी का सामना करना होगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.