Breaking News

कोरोना: पटना में पांच सहित बिहार में मिले 10 नए सं’क्रमित, फिलहाल नहीं बढ़ाई जाएगी बेड संख्या

बिहार में शनिवार को 10 नए कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान की गई। पटना में सर्वाधिक 5, भागलपुर व किशनगंज में 2-2 एवं जमुई में 1 नया संक्रमित मरीज मिला। पिछले 24 घंटे में राज्य में 1 लाख 4 हजार 845 सैंपल की कोरोना जांच की गयी। कोरोना संक्रमण दर शून्य रहा। राज्य में कोरोना संक्रमित सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 51 हो गई। इनमें सर्वाधिक 38 सक्रिय मरीज पटना में इलाजरत है। पिछले 24 घंटे में राज्य में 4 कोरोना संक्रमित मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो गए। 

राज्य में कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 98.518 प्रतिशत दर्ज की गयी। इस दौरान राज्य में कोरोना संक्रमित किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में कोरोना की पहली, दूसरी व तीसरी लहर के बाद अबतक कुल 8 लाख 30 हजार 616 संक्रमितों की पहचान की जा चुकी है। इनमें से अबतक 8 लाख 18 हजार 308 संक्रमित इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में अबतक 12 हजार 256 संक्रमितों की मौत हुई है।

कोरोना वार्ड में फिलहाल नहीं बढ़ायी जाएगी बेड की संख्या

कोरोना के लगातार मामले मिलने के बावजूद पीएमसीएच कोविड वार्ड में फिलहाल बेड की संख्या नहीं बढ़ाई जाएगी। संक्रमितों के गंभीर नहीं होने और उन्हें भर्ती की जरूरत नहीं पड़ने के कारण ऐसा किया जा रहा है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. आईएस ठाकुर ने बताया कि पटना में जो भी नए संक्रमित मिल रहे हैं, उनमें बहुत ही हल्का लक्षण मिल रहा है। कोई भी गंभीर नहीं हो रहा है। बताया कि अस्पताल के कोविड वार्ड में कुल 35 बेड हैं, जो पूरी तरह खाली पड़े हैं। जरूरत पड़ने पर बेडों की संख्या तत्काल 110 तक बढ़ाई जा सकती है। पटना में शनिवार को पांच नए कोरोना संक्रमित मिले। अब कुल सक्रिय संक्रमितों की संख्या 38 हो गई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.