Breaking News

खराब मौसम के पीछे 5 राज्यों का कनेक्शन, पंजाब से लेकर पश्चिमी बंगाल तक प्रभावित कर रहा बिहार का मौसम

बिहार में अचानक बदले मौसम के पीछे 5 राज्यों का कनेक्शन है। इन्हीं राज्यों के चलते बिहार में बारिश और तेज हवा के साथ आंधी तूफान चल रहा है। पंजाब, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से प्रभावित हो रहे बिहार में तेज हवा के साथ बारिश का सिस्टम एक्टिव हो रहा है। मौसम विभाग ने इस मौसमी कारणों से 24 घंटे का अलर्ट जारी किया है।

जानिए कैसे जुड़ रहा कनेक्शन

मौसम विभाग के मुताबिक पूरे राज्य में पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह हो रहा है। इसके साथ ही एक च्रकवाती परिसंचरण का क्षेत्र दक्षिणी पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आस-पास के क्षेत्रों में अवस्थित है। इसके साथ-साथ एक ट्रफ लाइन पंजाब से बांग्लादेश तक दक्षिणी हरियाणा, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, दक्षिणी बिहार एवं उप हिमालयी पश्चिम बंगाल के ऊपर से गुजर रही है। इससे बिहार का मौसम पूरी तरह से प्रभावित हो रहा है। इन मौसमी कारकों के प्रभाव से अगले 24 घंटे में राज्य के उत्तरी भागाें एवं दक्षिण पूर्वी भागों में एक दो स्थानों पर गरज और बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बन रही है।

5 राज्यों के कनेक्शन से बढ़ेगी हवा की रफ्तार

मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी हवा के प्रभाव के साथ च्रकवाती परिसंचरण के क्षेत्र के एक्टिव होने तथा ट्रफ लाइन के गुजरने के कारण बिहार में हवा की रफ्तार भी काफी तेज होगी। 24 घंटे के दौरान राज्य में 40 से 50 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा का प्रवाह हो सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि इन मौसमी कारण से दिन के तापमान में अगले दो से तीन दिनों तक कोई खास बदलाव नहीं देखा जाएगा।

जानिए 24 घंटे में कहां हुई बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे में राज्य के दक्षिण मध्य के एक दो स्थानों पर उत्तर पश्चिम एवं उत्तर मध्य के कुछ स्थानों और उत्तर पूर्व एवं दक्षिण पूर्व भागों के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.