नेपाल में गांव पालिका चुनाव के मद्देनजर तथा शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने सहित पड़ोसी राष्ट्र से असमाजिक गतिविधियों को रोकने को लेकर बेतिया के इनरवा थाना परिसर में पुलिस, एसएसबी और नेपाली एपीएफ पुलिस के पदाधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य रूप से नेपाल में गांव पालिका चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने तथा शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए विस्तार रूप से चर्चा करते हुए रणनीति बनाई गई। बैठक में सीमावर्ती क्षेत्रों में खासकर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के साथ साथ ह्यूमन ट्रैफिकिंग को रोकने, आपस में सूचनाओं का आदान-प्रदान करने के साथ साथ पुलिस और एसएसबी के साथ मिलकर ड्यूटी करने पर विशेष चर्चा की गई।


सीमा पर गश्त को तेज करते हुए आंतरिक क्षेत्रों में भी सतर्कता बरतने पर बल दिया गया। हर प्रकार से क्षेत्र में सजगता बरतना होगा। साथ ही एसएसबी और पुलिस के अधिकारी ने मौजूद नेपाल के एपीएफ पुलिस पदाधिकारियों से भी विस्तार से चर्चा करते हुए सहयोग की अपेक्षा की।
खासकर रात्रि गश्ती पर विशेष ध्यान देते हुए हर हाल में शराब की तस्करी पर रोक लगाने पर विशेष बल दिया गया। क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का एक लिस्ट बनाकर उन पर विशेष नजर बनाए रखा जाए ताकि शराबबंदी कानून में किसी भी प्रकार का व्यवधान नहीं हो सके। वहीं मौक़े पर इनरवा कैंप के इंस्पेक्टर सुमित कुमार,इनरवा थानाध्यक्ष प्रकाश कुमार, नेपाल एपीएफ के इंस्पेक्टर मनोरंजन कारकी,रंजन सिंह आदि मौजूद रहे।





Comment here