Breaking News

मुजफ्फरपुर : बैरिया गोलंबर से लक्ष्मी चौक तक ड्रेनेज का काम पूरा होने की दी रिपोर्ट गलत

शहर के सभी प्रमुख इलाके में ड्रेनेज बनाने के लिए गड्ढा करके छोड़ दिया गया है। टुकड़े-टुकड़े में नाले का निर्माण चल रहा है। स्मार्ट सिटी के बेतरतीब काम को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश है। स्मार्ट सिटी के काम में शिथिलता की शिकायत पर मंगलवार को डीएम प्रणव कुमार ने समीक्षा बैठक की थी। स्मार्ट सिटी की ओर से डीएम को जो प्रोग्रेस रिपोर्ट सौंपी गई, इसमें बैरिया गोलंबर से लक्ष्मी चौक तक ड्रेनेज का काम कंप्लीट बताया गया है। जबकि, इसकी सच्चाई कुछ और है।

दैनिक भास्कर ने गुरुवार को जब प्रोग्रेस रिपोर्ट की पड़ताल की तो वह झूठी निकली। बैरिया गोलंबर से स्टेशन तक ड्रेनेज बनाने का काम चल रहा है। 4.38 किलोमीटर ड्रेनेज में 3.15 किलोमीटर का काम चल रहा है। गुरुवार को बैरिया गोलंबर पर करीब 50 फीट में लोहा बांधने का काम चल रहा था। अगले तीन-चार दिन में यहां ड्रेनेज की ढलाई होगी।

बैरिया गोलंबर से आगे बढ़ते ही भंडारी गैस एजेंसी, जगदंबा किराना एवं जनरल स्टोर, मां दुर्गा स्टील एवं रेलिंग सेंटर के निकट ड्रेनेज बनाने का काम अधूरा है। गड्ढा करके छोड़ दिया गया है। जबकि, यह इलाका स्मार्ट सिटी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर में शामिल मेयर राकेश कुमार पिंटू के घर के पास का है।

लक्ष्मी चौक तक जो काम कंप्लीट दिखाया गया है, उसकी हकीकत यह है कि मछली मंडी के पहले तक ही ड्रेनेज का काम कई जगह अधूरा है। हालांकि, नगर भवन के जीर्णोद्धार समेत बाकी प्रोजेक्ट की प्रोग्रेस रिपोर्ट ठीक है।

एमआईटी स्पाइनल रोड – 42 करोड़ से हो रहा सड़क-नाले का निर्माण

42 करोड़ रुपए की लागत से बैरिया गोलंबर से लक्ष्मी चौक होते हुए रेलवे स्टेशन तक सड़क व नाले का निर्माण करना है। 24 मार्च 2022 को काम पूरा करने की डेडलाइन खत्म हो चुकी है। 25 मार्च 2021 को इस काम का वर्क आर्डर एजेंसी को दिया गया। स्मार्ट सिटी की रिपोर्ट के मुताबिक 42 करोड़ के काम में 33% काम अब तक पूरा हो चुका है। उधर, डीएम की सख्ती के बाद गुरुवार को लक्ष्मी चौक पेट्रोल पंप के सामने जेसीबी से गड्ढा करने का काम शुरू हुआ। आगे स्टेशन तक दूसरा टुकड़े-टुकड़े में नाला बनाने का काम चल रहा है।

पेरीफेरल रोड – अखाड़ाघाट से धर्मशाला चौक तक सड़क-नाले का होना है निर्माण

21 करोड़ की लागत से अखाड़ाघाट चौक से सरैयागंज टावर, तिलक मैदान रोड, टाउन थाना होते हुए धर्मशाला चौक तक सड़क व नाले का निर्माण करना है। 2.44 किमी नाले का काम करना है। 500 मीटर का काम चल रहा है। लेकिन, धर्मशाला चौक के पास कई माह पहले काम शुरू किया गया, जो अब भी अधूरा है। गुरुवार को भारत जलपान से चंद कदम आगे नाला बनाने का काम चल रहा था। प्रोग्रेस रिपोर्ट में सरैयागंज टावर व सिकंदरपुर चौक पर जो प्रगति दिखाई गई है, उसकी हकीकत यह है कि गड्ढा खोदने के अलावा कोई काम नहीं दिख रहा है।

अन्य प्रोजेक्ट के काम की सौंपी गई प्रोग्रेस रिपोर्ट

  • हरिसभा चौक से मोतीझील तक सड़क व नाला निर्माण – 30%पूरा
  • टाउन हॉल का जीर्णोद्धार – 95% पूरा
  • एकत्रित कमांड कंट्रोल बिल्डिंग – 40% पूरा
  • सिकंदरपुर स्टेडियम – 26%
  • सीवरेज सिस्टम – 18%
  • सिकंदरपुर मन का सौंदर्यीकरण – 5% पूरा

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.