Breaking News

ईद की नमाज पर अफवाहों का डर, गांधी मैदान में सुरक्षा को लेकर की जा रही तैयारी

ईद की नमाज पर अफवाहों से माहौल बिगाड़ने का बड़ा खतरा है। प्रशासन इस आशंका को लेकर पूरी तरह से अलर्ट है। इसके लिए सुरक्षा का जाल बिछाया जा रहा है। गांधी मैदान में सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस की पूरी फौज लगा दी है। सुरक्षा के साथ साथ व्यवस्था का भी इंतजाम किया जा रहा है।

गांधी मैदान में सुरक्षा का खाका तैयार

डीएम डॉ चन्द्रशेखर सिंह और एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने ईद की नमाज की तैयारी में गांधी मैदान में सुरक्षा का खाका तैयार किया है। गांधी मैदान के निरीक्षण के बाद सुरक्षा को लेकर मजिस्ट्रेट से लेकर पुलिस पदाधिकारियों को लगाया गया है। प्रशासन के मुताबिक ईद 3 मई को चांद के दिखाई देने के बाद मनाया जाएगा। इस अवसर पर गांधी मैदान में ईद की नमाज अदा की जाती है, जिसमें अधिक संख्या में लोग आते हैं। ऐसे में सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम किया जा रहा है।

साफ सफाई के साथ यातायात की व्यवस्था

गांधी मैदान में साफ-सफाई, पार्किंग, कानून-व्यवस्था, जलापूर्ति, प्रकाश की व्यवस्था सहित हर बिंदु पर समीक्षा की तथा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है। डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने पटना नगर निगम, नूतन राजधानी अंचल के कार्यपालक पदाधिकारी को गांधी मैदान की ससम से सफाई कराने का निर्देश दिया है। नमाज अदा करने के वक्त धूल से नमाजियों को परेशानी न हो इसके लिए उन्होंने गांधी मैदान में पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने गांधी मैदान में गड्ढों की भराई और समतल करने का निर्देश दिया है। कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को जल आपूर्ति की व्यवस्था करने का निर्देश है। जिला अग्निशाम पदाधिकारी को अग्निशमन दस्ता को पूरी तरह से एक्टिव मोड पर लगाने को कहा है। वहीं सिविल सर्जन को गांधी मैदान में चिकित्सा सुविधा एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था करने का आदेश दिया गया है।

अफवाहों काे लेकर सावधान

डीएम और एसएसपी ने कहा है कि अफवाहों को लेकर लोग सावधान रहें। इसके लिए मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारियों को लगाया गया है। थानाध्यक्ष एवं सभी पदाधिकारी को पूरी तरह से अलर्ट किया गया है। सुरक्षा को लेकर सुरक्षा तंत्र को पूरी तरह से एक्टिव कर दिया गया है। खुफिया तंत्र को एक्टिव किया गया है ताकि किसी भी तरह के अफवाह को फैलने से रोका जा सके। पुलिस अधीक्षक, यातायात वाहन की पार्किंग के लिए अधिक संख्या में यातायात पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का आदेश दिया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.