बंदरा प्रखंड के बरियारपुर निवासी एवं मुशहरी प्रखण्ड क्षेत्र के शहबाजपुर पंचायत में कार्यरत पंचायत सचिव पुरषोत्तम सिंह उर्फ पंकज सिंह के बेटे शुभम (24) की देहरादून में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक का शव मंगलवार को पैतृक गांव बरियारपुर लाया गया। शव पहंचते ही परिजनों के चीत्कार से माहौल बेहद गमगीन हो गया। घरवालों में चीखपुकार मच गयी। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया। काफी संख्या में लोगों की भीड़ घर पर जुट गई। हर कोई परिवार वालों को सांत्वना दे रहा था
मृतक के पिता ने बताया कि शुभम देहरादून के JBIT कॉलेज में फार्मासिस्ट की पढ़ाई कर रहा था। इस कोर्स के लिए शुभम ने 2019 में इस कॉलेज में एडमिशन लिया था। उन्होंने कहा कि देहरादून से उसका शव लेकर आएं हैं। वहां गए तो पता लगा कि वह अपने दोस्तों के साथ एक पार्टी में गया था, जहां से अपनी बाइक से वापस लौट रहा था। इसी क्रम में बाइक का संतुलन खो जाने के कारण बाइक एक पेड़ से टकरा गयी। उसके सिर में गहरी चोट लगने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। मंगलवार को मृतक का शव परिजनों द्वारा एम्बुलेंस से पैतृक गांव बरियारपुर लाया गया।
बरियारपुर के शमशान स्थल पर दाह-संस्कार कर दिया गया। मृतक के चाचा पूर्व मुखिया अशोक सिंह ने बताया कि घटना बेहद असहनीय है। वे लोग कभी सोंचे भी नहीं थे कि यह अनहोनी भी होंगी। मृतक के मां रेखा देवी एवं पिता का हाल बेहाल है। मां अपने पुत्र के वियोग में चीत्कार करती बार-बार बेहोश हो रही है। आसपास के लोग उन्हें पानी का छींटा मारकर होश में लाने की कोशिश कर रहे हैं। मृतक दो भाई था। छोटा भाई शिवम गांव में रहता है। बड़ा भाई शुभम मेडिकल की तैयारी करने देहरादून गया हुआ था।



Leave a Reply