लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने तय किया है कि वे अब 10 सर्कुलर रोड वाले आवास में रहेंगे। यह पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का आवास है। तेजप्रताप यादव मंगलवार की रात ही सामान के साथ राबड़ी देवी के आवास चले आए और रात में यहीं सोए भी। तेजप्रताप का मानना है कि उनके खिलाफ जितनी तरह की साजिशें रची जा रही हैं वह राबड़ी देवी के आवास से ही रची जा रही हैं।
बता दें कि इसी आवास में दावत-ए-इफ्तार का आयोजन किया गया था और इसी आवास में मारपीट करने का आरोप रामराज नामक राजद कार्यकर्ता ने लगाया था। इसी आवास में तेजप्रताप यादव के छोटे भाई और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपनी पत्नी राजश्री के साथ रहते हैं। लालू प्रसाद आते हैं तो वे भी यहीं ठहरते हैं।
कई लोगों पर साजिश का आरोप लगाया है
तेजप्रताप यादव कई तरफ से आरोपों से घिरे हुए हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव के हरियाणवी रणनीतिकार संजय यादव, राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, राजद का एमएलसी सुनील कुमार सिंह पर खास तौर से साजिश करने का आरोप लगाया है। उनके संगठन छात्र जनशक्ति परिषद ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि तेजप्रताप यादव मजदूर दिवस 1 मई को जनशक्ति यात्रा निकालेंगे और जनता दरबार का आयोजन भी करेंगे।
यहां रहकर साजिशों को नाकाम करेंगे !
तेजप्रताप यादव को 2 एम स्टैंड रोड वाला सरकारी आवास मिला हुआ है। वे इसी में रहते आए हैं। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को पोलो रोड में सरकारी आवास मिला हुआ है। लेकिन तेजस्वी यादव ज्यादातर समय पोलो रोड की जगह राबड़ी देवी के आवास 10 सर्कुलर रोड में पत्नी के साथ रह रहे हैं। अब इसी आवास में तेजप्रताप यादव भी अपने विरोधियों की साजिश को नाकाम करने के लिए आ गए हैं।
जगदानंद सिंह, सुनील सिंह, संजय यादव आदि की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। आपको याद होगा तारापुर और कुशेश्वर स्थान में उपचुनाव के समय इसी आवास से बाहर निकलकर तेजप्रताप ने आरोप लगाया था कि संजय यादव उनको उनके भाई तेजस्वी यादव से नहीं मिलने दे रहे हैं।



Leave a Reply