देश में बढ़ रही कोरोना की रफ्तार और बच्चों पर खतरे को देखते हुए बिहार में स्कूलों को बंद किया जा सकता है। कोरोना की लड़ाई में फिर वही 5 हथियार मास्क, सोशल डिस्टेंस, जांच और वैक्सीनेशन के साथ जन जागरुकता की तैयारी है। इस दौरान इकोनॉमिक मैनेजमेंट को लेकर बड़ी प्लानिंग है। 27 अप्रैल को PM के साथ CM की बैठक के बाद बिहार में नई गाइडलाइन जारी हो सकती है। PM की बैठक से पहले राज्य के सभी जिलों के DM से पूरी रिपोर्ट तलब की गई है। कोरोना की पहली लहर से लेकर अब तक के हालात पर पूरा मंथन किया जा रहा है
बिहार में हालात सामान्य फिर बढ़ी चिंता
कोरोना को बिहार में अभी हालात सामान्य हैं, लेकिन देश में तेजी से बढ़ रहा कोरोना डरा रहा है। देश को कोरोना के संक्रमण से बचाने और राज्यों की तैयारियों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 अप्रैल को देश के सभी राज्यों के CM के साथ बैठक करेंगे। इसकी तैयारी बिहार में दो दिनों से चल रही है। CM नीतीश कुमार पूरी तैयारी में लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग के साथ राज्य के 38 जिलों के जिला प्रशासन से पूरी रिपोर्ट तलब कराई गई है।
जानिए, किस किस बिंदु पर सरकार की तैयारी
बिहार सरकार PM के साथ सीएम की बैठक से पहले जो तैयारी की है, उसमें कोरोना के अब तक के बिहार के अलग-अलग जिलों में इफेक्ट के बारे में पता लगाया जा रहा है। इसके लिए सभी जिलों से कोरोना की संक्रमण दर के साथ संक्रमितों की संख्या और प्रभावित हाेने वाले क्षेत्रों के साथ पूरी जानकारी मांगी गई है। सोमवार को ही सभी जिलों के डीएम को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। इसके साथ सीएम और स्वास्थ्य मंत्री के साथ स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य आला अफसरों की बैठक हुई है। बैठक में कोरोना को बिहार में बढ़ने से रोकने के लिए तैयारी की जा रही है।
पड़ोसी राज्यों में संक्रमण ने बढ़ाया खतरा
बिहार के पड़ोसी राज्य झारखंड में पिछले दिनों 3 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है। झारखंड में कोरोना की बढ़ती रफ्तार को लेकर बिहार सरकार भी अलर्ट है। ऐसे ही यूपी में बढ़ते संक्रमण को लेकर बिहार सरकार अलर्ट हो रही है। हालांकि, बिहार में एक दिन में 4 से 5 मामले अधिक से अधिक आ रहे हैं, लेकिन बिहार में ऐसा रहा है कि अचानक से केस बढ़ता है। इस खतरे को देखते हुए ही बिहार में कोरोना को लेकर योजना बनाई जा रही है।
जानिए, 5 हथियारों से कैसे बनी लड़ाई की प्लानिंग
- मास्क
- सोशल डिस्टेंस
- कोविड जांच
- वैक्सीनेशन
- जन जागरुकता
सरकार की PM की बैठक के लिए प्लानिंग
बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों की मानें तो सरकार ने PM की बैठक को लेकर जो प्लानिंग बनाई है, उसमें प्रमुख है स्कूलों को बंद करना। मास्क और सोशल डिस्टेंस का पालन कराना। कोरोना की जांच बढ़ाना पहली प्राथमिकता है। इसमें रैंडम जांच से लेकर विस्तृत जांच की पूरी योजना है। स्कूलों को बंद करने से कोई विशेष नुकसान नहीं होगा, क्योंकि समर वैकेशन होना ही था। ऐसे में पहले ही छुट्टी कर कोरोना से बचाव किया जाएगा।
मास्क को आवश्यक किया जाएगा, जांच बढ़ाया जाएगा और इसके साथ योजना बनाकर वैक्सीनेशन का काम किया जाएगा। सरकार की प्लानिंग है कि किसी भी दशा में इकोनॉमी प्रभावित न हो, इसके लिए समय रहते ही कोरोना को रोक लिया जाए। इस बार लोगों पर विशेष जिम्मेदारी होगी और इसके लिए आम जनता को जागरूक किया जाएगा।
राज्यों को दिया जाएगा अधिकार
सूत्रों की मानें तो इस बार PM की तरफ से राज्यों को अधिकार दिया जाएगा कि वह अपने हिसाब से पाबंदी और सख्ती कर सकती है। एक मई बाद बिहार में सख्ती को लेकर किसी नई गाइडलाइन की चर्चा है। कोरोना को लेकर एक बार फिर पूरा स्वास्थ्य महकमा तैयारी में जुटा है। बिहार में 24 घंटे में 2 नए मामले आए हैं, जिससे एक्टिव मामलों की संख्या 17 हाे गई है। हालांकि, 24 घंटे में मात्र 56,424 लोगों की ही जांच हो पाई है। अब तक राज्य में कुल 8,30,526 लोग संक्रमित हुए हैं, जिसमें 8,18,252 लोग ठीक हो गए। 12,256 की मौत हुई है। सरकार की पूरी योजना आर्थिक स्थिति को सही रखते हुए कोरोना की लड़ाई लड़ने का पूरा फार्मूला तैयार की है। राज्य में नई गाइडलाइन क्या होगी, यह बुधवार को पीएम की बैठक के बाद निश्चित होगा।



Comment here