Breaking News

नीतीश कुमार हमेशा चौंकाते हैं, तेजस्वी से मुलाकात के बाद NDA छोड़ने की थी अटकलें, अब…

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) कल यानि शुक्रवार को आरजेडी की ओर से आयोजित इफ्तार पार्टी में शामिल हुए. दावत में तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव से सीएम नीतीश की लंबी बातचीत हुई. इसके बाद तो मानो पूरे बिहार की राजनीति गरमा गई. तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी. कोई इसे महागठबंधन की वापसी के तौर पर देखने लगा, तो किसी ने कहा कि यह भाजपा पर एक दबाव बनाने की कोशिश है. हालांकि सुबह होते-होते वीर कुंवर सिंह की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद सीएम नीतीश ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया.

महागठबंधन में वापसी को लेकर चल रहे तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए सीएम ने इसे आधारहीन करार दिया. इसके बाद फिर वह सबको चौंकाते हुए पटना एयरपोर्ट पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत करने के लिए भी पहुंच गए. जबकि पहले ऐसी कोई चर्चा नहीं थी कि बिहार के दौरे पर आ रहे अमित शाह और सीएम नीतीश की मुलाकात हो सकती है. बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के लिए एयरपोर्ट पर जाकर स्वागत करना आम बता हो सकती है, लेकिन नीतीश कुमार के मामले में तो नहीं.

राजनीति जानकार बताते हैं कि हाल के वर्षों में यह शायद पहला मौका होगा, जब नीतीश कुमार किसी केंद्रीय मंत्री का स्वागत करने के लिए खुद पहुंचे हो. हालांकि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री या फिर नए राज्यपाल की पहली यात्रा पर वह अक्सर जाते रहे हैं. लेकिन यह प्रोटोकॉल के तहत एक सामान्य सी बात है. तमाम तरह की सियासी अटकलों पर शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि ऐसी इफ्तार पार्टियों में बहुत से लोगों को आमंत्रित किया जाता है. इसका राजनीति से क्या संबंध है? हम भी एक इफ्तार पार्टी रखते हैं और सभी को इसमें आमंत्रित करते हैं.

बता दें कि इफ्तार पार्टी में सीएम नीतीश कुमार से तेजप्रताप यादव की लंबी बातचीत हुई. जिसको लेकर तेजप्रताप यादव ने दावा करते हुए कहा कि बिहार में आरजेडी सरकार बनाने जा रही है. उन्होंने कहा कि हम सरकार बनाएंगे और खेल खुल जाएगा. यह एक रहस्य है. नीतीश जी के साथ गुप्त बातचीत हुई है. उन्होंने कहा कि यह राजनीति है. अटकलें लगना सामन्य बात है. आज वह सत्ता में है, कल बदलाव हो सकता है.

बतातें चलें कि 1857 की क्रांति के नायकों में से एक बाबू वीर कुंवर सिंह का 164वां विजयोत्सव समारोह बिहार में मनाया गया. भोजपुर के जगदीशपुर में वीर कुंवर सिंह की जयंती पर विजयोत्सव समारोह का आयोजन किया गया. गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली से पटना एयरपोर्ट पहुंच पहुंचे. एयरपोर्ट पर सीएम नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया. अमित शाह पटना से जगदीशपुर पहुंचे. जगदीशपुर में विजयोत्सव समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने के बाद अमित शाह नारायण मेडिकल कॉलेज सासाराम कन्वोकेशन में शामिल हुए. इसके बाद वह गया के लिए रवाना हुए. जहां से वह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.