नालंदा के घोसरावां स्थित मां आशापुरी मंदिर में शारदीय और चैत्र नवरात्र में महिलाओं का प्रवेश वर्जित रहता है। 2 अप्रैल से चैत्र नवरात्र शुरू हो रही है। सोमवार से महिलाएं बाहर से ही मां आशापुरी के दर्शन करेंगी। नवरात्र खत्म होने के बाद 10वीं से महिलाएं मंदिर के अंदर जाकर पूजा कर सकेंगी। बिहारशरीफ से 15 किमी दूर घोसरावां गांव में मां आशापुरी का प्राचीन मंदिर है। यहां नवरात्र के मौके पर तांत्रिक विधि से पूजा की जाती है।
गर्भ गृह में जाने पर रोक
नवरात्र के मौके पर महिलाओं का प्रवेश मंदिर के अंदर निषेध है। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा को अभी तक लोग निभा रहे हैं। पूर्वजों से चली आ रही परंपरा के अनुसार शारदीय नवरात्र के दौरान महिलाओं का मंदिर परिसर के साथ ही गर्भगृह में जाने की मनाही होती है। वहीं, चैत्र नवरात्र में मंदिर में प्रवेश तो होता है। लेकिन गर्भगृह में जाने पर प्रतिबंध रहता है। पुजारी पुरेन्द्र उपाध्याय बताते हैं कि पूर्वजों से यह परंपरा चली आ रही है, जिसे सभी लोग आज भी निष्ठा पूर्वक निभा रहे हैं।

मनोकामना पूरी होने पर बलि
मां आशापुरी मंदिर अति प्राचीन है। मान्यता है कि यह मगध काल में बनी है। मां दुर्गा के नौ रूपों में से एक सिद्धिदात्री स्वरूप में पूजा की जाती है। यहां मां दुर्गा की अष्टभुजी प्रतिमा स्थापित है। ऐसा माना जाता है कि इस मंदिर में सबसे पहले राजा जयपाल ने पूजा की थी।

हर मंगलवार को मां आशापुरी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। जिस जगह पर मां आशापुरी विराजमान है, वहां गढ़ हुआ करता था। यहां पर मंदिर बना कर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना शुरू कर दी। संतान प्राप्ति को भी लेकर दूर-दूर से श्रद्धालु मां भगवती की पूजा अर्चना करने के लिए आते हैं। मां को भोग के रूप में नारियल और बताशा चढ़ता है। वहीं मनोकामना पूर्ण होने पर बलि भी दी जाती है।




Comment here