Breaking News

मुजफ्फरपुर : राजधानी एक्सप्रेस से 13 लाख की विदेशी सुपारी-पोस्तादाना बरामद

ड्रिब्रूगढ-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस से मुजफ्फरपुर आरपीएफ व कस्टम विभाग की टीम ने प्रतिबंधित विदेशी सुपारी व पोस्तादाना बरामद किया है। इसे बांग्लादेश से दिल्ली ले जाया जा रहा था। इसकी कीमत करीब 13 लाख से अधिक है। बताया गया कि गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ और कस्टम विभाग की टीम ने राजधानी एक्सप्रेस से उक्त सामानों को जब्त किया है।

बताया जा रहा है कि अब यह प्रतिबंधित पोस्तादाना और सुपारी को डिमापुर में किसने बुक किया था और मुरादाबाद में किसे भेजना था, इसकी तलाश में विभाग जुट गई है। हालांकि अबतक जितने भी प्रतिबंधित सामानों को ट्रेनों से जब्त किया गया था, उसमें एक भी तस्कर पर कार्रवाई नहीं हुई है। अब देखना है कि इस मामले में क्या कार्रवाई हो पाती है।

आरपीएफ इंस्पेक्टर पीएस दूबे ने बताया कि डिब्रूगढ से नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस में गुप्त सूचना मिली कि बडी मात्रा में प्रतिबंधित सामानों को बुक किया गया है। सूचना पर कस्टम टीम के साथ आरपीएफ के अरविंद कुमार, रंजीत कुमार और पार्सल क्लर्क धीरज कुमार की उपस्थिति में राजधानी एक्सप्रेस के पहुंचने पर छापेमारी की गई। ट्रेन के पार्सल वैन का सील तोड़वाकर जांच किया गया। इसमें बुक किए गए 10 बोरा यानि करीब 800 किलो प्रतिबंधित सुपारी, जिसका मूल्य 4 लाख 80 हजार और 5 बोरा पोस्तादाना यानि 365 किलोग्राम, जिसका मूल्य 8 लाख 87 हजार 500 रुपए कुल 13 लाख 67 हजार 500 रुपए मू्ल्य का जब्त किया गया। जब्त सामानों को कस्टम विभाग को सौंप दिया गया। बताया जाता है कि पोस्तादाना और सुपारी बांग्लादेश से लाया गया था। जिसे मुरादाबाद में उतारकर दिल्ली भेजने की योजना थी।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.