बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार क्या राज्यसभा जा रहे हैं? बुधवार को दिन भर यह सवाल और इस पर अटकलें लगती रहीं. पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने नीतीश की इसे दिली ख्वाहिश को लेकर अपनी बेबाक प्रतिक्रिया दी है. राबड़ी देवी ने कहा है कि नीतीश कुमार अगर राज्यसभा जाना चाहते हैं तो वह जल्दी जाएं. राबड़ी ने कहा है कि उन्हें कोई रोकने वाला भी नहीं है, कोई नहीं चाहता कि नीतीश बिहार में रुकें
क्या सीएम नीतीश राष्ट्रपति उपराष्ट्रपति के भी दावेदार हो सकते हैं, इस सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि वे राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति बनेंगे तो और अच्छा है. जहां जाना है जाएं.
विधानसभा से विपक्षी विधायकों को मार्शल आउट किए जाने पर भी राबड़ी देवी ने नाराजगी जताई है. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा से विपक्षी सदस्यों को बाहर निकलवा देना ठीक नहीं है, यह लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक स्थिति है. राबड़ी देवी ने कहा कि विधानसभा में विपक्षी विधायकों को किस तरह पुलिस और बाकी अधिकारियों से पिटवाया गया यह कोई नहीं भूला है. राबड़ी देवी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि किसी की सरकार हमेशा नहीं रहती. मौजूदा सरकार गलत परंपरा की शुरुआत कर रही है, ऐसे में अगर सरकार बदली है तो मुश्किल होगी.
दरअसल बुधवार सुबह नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा में अपने कार्यालय में संवाददाताओं से कहा कि वह भी किसी समय राज्यसभा के सदस्य बनना चाहते हैं. वह अब तक बिहार विधानसभा, विधान परिषद और लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं. उन्होंने कहा कि वह किसी दिन राज्यसभा जाना चाहेंगे. अगर ऐसा होता है तो वे अपने समकालीन राजनेता लालू प्रसाद यादव और सुशील मोदी के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे. ये दोनों नेता संसद और विधानसभा के सभी सदनों के सदस्य रहे हैं.



Leave a Reply