Breaking News

मुजफ्फरपुर : पेट्रोल पंप मैनेजर से 25 लाख लूट का मास्टरमाइंड गि’रफ्तार

मुजफ्फरपुर के दिघरा में एक पेट्रोल पंप के मैनेजर नीरज सिंह से 25 लाख रुपए लूट का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है। लूटकांड के मास्टरमाइंड रवि पांडेय को गिरफ्तार किया गया है। वह सरैया का रहने वाला है। उसके पास से एक देसी कट्टा और गोली बरामद हुआ है। वह पहले शहर के एक प्रसिद्ध मंदिर में पुजारी भी था। दो साल पूर्व STF ने उसे बैरिया से 500 गोलियों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

इसी घटना के बाद उसे मंदिर से हटा दिया गया था। जेल से जमानत मिलने पर वह छूटकर एक साल पहले बाहर निकला था। इसके बाद सदर थाना के दिघरा में पेट्रोल पम्प के मैनेजर से 25 लाख रुपए लूट लिए। इस घटना में उसके साथ और भी कई लूटेरे शामिल हैं। पुलिस को उसके पास से लूट की राशि नहीं मिली है। पूछताछ में उसने गिरोह के अन्य शातिरों के नाम और ठिकाने की जानकारी दी है। इसी आधार पर सदर थानेदार सत्येंद्र मिश्रा आगे कार्रवाई कर रहे हैं।

क्या बोले एसएसपी

SSP जयंतकांत ने बताया कि घटना के बाद सदर थानेदार और सब इंस्पेक्टर मणिभूषण कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने वैज्ञानिक और मानवीय श्रोतों से अनुसंधान शुरू किया। कई जगहों पर CCTV खंगाला गया। मोबाइल टावर डंप किया गया। एक-एक कड़ी को जोड़ते हुए पुलिस रवि पांडेय तक पहुंचने में सफल रही। लूट की राशि बरामदगी को लेकर छापेमारी चल रही है। शीघ्र ही कैश बरामद हो जाएगा और अन्य लूटेरे भी गिरफ्त में होंगे।

बाइक चला रहा था रवि

पुलिस जांच में पता लगा कि घटना के समय रवि के साथ एक अन्य लूटेरा भी था। रवि बाइक चला रहा था। पेट्रोल पंप से ही पीछा करते हुए दीघरा तक पहुंचा था। फिर सुनसान जगह देखकर घटना को अंजाम दिया और गोबरसही होते हुए भाग निकला था। पुलिस पूछताछ में रवि ने बताया की एक सप्ताह पूर्व से रेकी की गई थी। पंप से कैश कब निकलता है और किस रास्ते से कहाँ तक जाता है। इन सब बातों का उनलोगों को पूर्व से पता था। घटना के दिन जैसे ही पंप मैनेजर रुपए लेकर निकले। वे लोग पीछे लग गए थे।

गिरोह में एक महिला भी शामिल

पुलिस जांच में पता लगा की गिरोह में एक महिला भी शामिल है। जो दो साल पूर्व भी रवि के साथ गिरफ्तार हुई थी। वह भी जमानत पर बाहर है। गोलियों का जखीरा लाने के दौरान वह ढाल बनी थी। एक विशेष लिबास के भीतर उसने बैग में गोलियों को छुपाकर रखा था। बैरिया बस स्टैंड से वह रवि से गोली वाला बैग लेकर सप्लाई करने जा रही थी। STF ने पहले रवि को दबोचा। उसकी निशानदेही पर अन्य दो को पकड़ा गया था। फिर उस महिला को भी गोलियों के जखीरा के साथ गिरफ्तार किया गया था।

नक्सली साठगांठ पर भी जांच

इस गिरोह का नक्सली कनेक्शन तो नहीं। इस एंगल पर पुलिस जांच कर रही है। ये गिरोह आर्म्स तस्करी करने वाले सिंडिकेट से भी जुड़ा हुआ है। गिरफ्तार रवि से सभी बिन्दुओ पर पूछताछ जारी है। उस महिला की भी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रवि को जेल भेजने के बाद आवश्यकता पड़ने पर उसे रिमांड किया जा सकता है। फिलहाल उसे 25 लाख लूट के केस में जेल भेजा जा रहा है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.