Breaking News

होलिका दहन के समय चलेंगी तेज गर्म हवाएं, दिल्ली और राजस्थान के मौसम का बिहार में दिखाई देगा असर

होलिका दहन के दौरान रात में तेज गर्म हवाएं चलेंगी। इसका प्रभाव होली के दिन मौसम पर भी पड़ेगा। पारा 40 डिग्री के पार जा सकता है। मौसम में अचानक हो रहे इस परिवर्तन के पीछे दिल्ली और राजस्थान में मौसमी बदलाव को कारण बताया जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली और राजस्थान से चलने वाली गर्म हवाएं बिहार के मौसम को प्रभावित करेंगी। बिहार का तापमान अपने सामान्य स्तर से 2 से 3 डिग्री ऊपर है।

ऐसे बदल रहा बिहार का मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में अभी भी सतह से 1.5 किलो मीटर ऊपर तक पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी हवा का प्रभाव बना हुआ है। इसके प्रभाव से राज्य के अधिकांश जिलों का मौसम शुष्क बना हुआ है। आसमान भी पूरी तरह साफ हैं, लेकिन दिन और रात के तापमान में कोई खास बदलाव नहीं दिखाई पड़ रहा है। लेकिन गुरुवार को समुद्र तल से 5.8 किलो मीटर पर एक प्रति चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र दिल्ली एवं राजस्थान के आस पास स्थापित होने के कारण गर्म एवं शुष्क हवा की रफ्तार में वृद्धि होगी। इसका असर दिन और रात के तापमान पर भी पड़ेगा।

इस दौरान तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि देखी जा सकती है। पूर्वानुमान है कि राज्य का मौसम पूरी तरह शुष्क होगा और आसमान भी साफ होंगे, इससे गर्मी का असर और अधिक दिखाई पड़ेगा। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार की रात होलिका दहन के दौरान राज्य में तेज गर्म हवाएं चलेंगी। इसका असर कल शुक्रवार को मौसम पर दिखाई देगा, मौसम काफी गर्म होगा।

होली पर सताएगी गर्मी

मौसम विभाग का कहना है कि होलिका दहन के दौरान रात में चलने वाली गर्म हवाएं मौसम को काफी प्रभावित करेंगी। इसका असर होली के मौसम पर पड़ेगा। इस दौरान दिन में तेज गर्मी पड़ेगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान से गर्मी का रिकॉर्ड टूटेगा। बुधवार को भी राज्य में काफी गर्मी रही है। आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में अंतर काफी कम होगा जिससे दिन के साथ रात में भी गर्मी परेशान करेगी। मौसम विभाग ने गर्मी के इस मौसम में लोगों से सेहत को लेकर सावधान रहने की अपील की है।

बक्सर का मौसम सबसे गर्म

पिछले 24 घंटे में मौसम में कोई खास परिवर्तन नहीं दिखाई पड़ा है। पूर्वानुमान के अनुसार ही राज्य का मौसम पूरी तरह से शुष्क रहा। 24 घंटे में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस जीरादेही में दर्ज किया गया जबकि राज्य का औसत न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सर्वाधिक अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस बक्सर में रिकॉर्ड किया गया। राज्य का औसत अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वर्तमान में राज्य का तापमान अपने सामान्य स्तर से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस ऊपर दर्ज किया जा रहा है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.