नशापान, दहेज प्रथा और बाल-विवाह जैसी कुरीतियों के उन्मूलन को लेकर सीएम नीतीश कुमार का समाज सुधार अभियान जारी है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाज सुधार अभियान के तहत आज पूर्णिया में हैं. सीएम के साथ मंच पर उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार, बिहार के मुख्य सचिव आमिर सुबहानी और डीजीपी एसके सिंघल समेत कई नेता और अधिकारी मौजूद रहे. पूर्णिया के इंदिरा गांधी स्टेडियम में जीविका दीदियों को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश शराबबंदी के फायदे गिनाए.
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि शराबबंदी अभियान लगातार जारी रखना है. महात्मा गांधी भी नशापान के खिलाफ थे. शराब पीने वाला इंसान से हैवान हो जाता है. सीएम ने कहा कि शराबबंदी का उल्लंघन करने पर सजा मिलेगी. जहरीले शराब का सेवन करने पर मौत होगी. उन्होंने शराब पीने वालों को चेताते हुए कहा कि दारू पीएंगे तो बीमार होंगे और जान जाएगी
सीएम ने शराबबंदी के फायदे गिनाते हुए कहा कि शराबबंदी से बीमारी और हादसों में कमी आई है. वहीं शराबबंदी से आपसी झगड़ों में भारी कमी आई है. उन्होंने कहा कि शराबबंदी से लोगों की सेहत में सुधार आया है. इतना ही नहीं पूर्णिया में डॉक्टर की भूमिका में भी नजर आए सीएम नीतीश. उन्होंने कहा कि टीबी जैसी खतरनाक बीमारी शराब से होती है.

सीएम नीतीश ने कहा कि मेरी सरकार लगातार काम कर रही है. इस अभियान को हमेशा जारी रखना है. उन्होंने कहा कि शराबबंदी को लेकर लोगों में भारी उत्साह था. केके पाठक को शराबबंदी को सफल बनाने की जिम्मेदारी दी. उन्होंने कहा कि शराब मुक्ति अभियान में महिलाओं की बड़ी भूमिका है. सीएम ने कहा कि शराब बहुत ही ख़राब चीज है. शराब से लोगों कि मौत हो रही है, सावधान हो जाइये. साथ ही सीएम ने कहा कि कुछ ही दिनों में कोरोना से मुक्ति मिल जाएगी. बिहार पुलिस में दूसरे राज्यों से ज्यादा महिलाएं हैं. उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण है. हर घर बिजली और नल का जल पहुंचा दिया है.
इससे पहले पूर्णिया में उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि बिहार में आने वाला दिन समाज सुधार का ही होगा. उन्होंने कहा कि भारी बदलाव आया है, सबके चेहरे पर मुस्कान आई है. तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि विश्व स्तर पर बिहार ने अपनी पहचान बनाई है. रेणु की धरती में मैला आंचल का रुप खत्म होगा. वहीं बिहार के मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए यह अभियान है. शराबबंदी कानून को सफल बनाने के लिए अभियान है. उन्होंने कहा कि सूबे में जीविका दीदी बड़ा परिवर्तन लेकर आ रही हैं. जहरीली शराब से मौत का शराबबंदी से लेनादेना नहीं है.
बिहार के मुख्य सचिव आमिर सुबहानी ने कहा कि शराबबंदी कानून से क्रांतिकारी परिवर्तन आया है. हादसे, अत्याचार में कमी, परिवार में खुशी आई है. जीविका दीदी सामाजिक और आर्थिक पूंजी बढ़ा रही हैं. वहीं बिहार के डीजीपी एसके सिंघल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य एक बेहतर समाज बनाना है. नशामुक्त, दहेज मुक्त, शिक्षित समाज बनाना है.



Leave a Reply