Breaking News

हमेशा के लिए Work From Home! दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी ने किया ऐलान

नई दिल्ली. ट्विटर ने अपने कर्मचारियों को तोहफा दिया है. ट्विटर चीफ पराग अग्रवाल (Parag Agrawal) ने शुक्रवार को कई ट्वीट्स करते हुए घोषणा की कि सोशल नेटवर्किंग कंपनी इस महीने अपने वैश्विक कार्यालयों को फिर से खोलने जा रही है. लोग यदि ऑफिस जाकर काम (Work From Office) करना चाहें तो कर सकते हैं, मगर यदि वे घर से ही (Work From Home) या फिर कहीं और से (Work From Anywhere) भी काम कर सकते हैं. यह पूरी तरह कर्मचारियों की इच्छा पर निर्भर रहेगा.

हालांकि, पराग अग्रवाल ने कर्मचारियों को ऑफिस लौटने की वकालत करते हुए कहा कि ऑफिस में काम करने का वाइब्रेंट कल्चर मिलेगा और तुरंत प्रभाव से बिजनेस ट्रैवल भी खोल दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि 15 मार्च से सभी ग्लोबल ट्विटर ऑफिस खुल जाएंगे. ट्विटर के CEO पराग अग्रवाल ने एक ट्वीट में लिखा, “कहां से काम करना है, बिजनेस के लिए सुरक्षित ट्रैवल करना चाहते हैं या नहीं या फिर कौन-सा इवेंट अटेंड करना है, इसका निर्णय पूरी तरह आपको करना है.”

जहां अच्छा महूसस हो, वहीं से करें काम
ट्विटर के सीईओ ने कर्मचारियों से कहा कि वे जहां भी सबसे अधिक प्रोडक्टिव और क्रिएटिव महसूस करते हैं, वहीं से काम करें. उन्होंने कहा कि इसमें “हमेशा के लिए पूरी तरह वर्क फ्रॉम होम (WFH) का विकल्प भी शामिल हैं.” पराग अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि जो लोग रिमोटली (ऑफिस से दूर रहकर) काम करना जारी रखना चाहते हैं, उन्हें “Learn and Adapt” करने की आवश्यकता होगी, क्योंकि “अलग-अलग जगह से काम करना ज्यादा मुश्किल होगा.”

जैसा कि दुनिया कोविड-19 महामारी से जूझ रही थी, कार्यालयों में वापसी की संभावना बहुत कम थी. हालांकि, अब स्थिति सामान्य होने के साथ, Google भी कर्मचारियों के लिए अप्रैल की शुरुआत में अपने सिलिकॉन वैली कार्यालय खोलने की तैयारी कर रहा है. गूगल को उम्मीद है कि उनके कर्मचारी सप्ताह में केवल 2 दिन ही घर से काम (Work From Home) करेंगे और बाकी दिन ऑफिस से.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.