नई दिल्ली: भारत सरकार तेजी के साथ युद्ध प्रभावित देश यूक्रेन से भारतीयों को वापस (Indian students evacuated) लाने का काम कर रही है. इस बीच शनिवार को 219 लोगों यूक्रेन (Ukraine Crisis) से निकाला गया. एयर इंडिया के विमान ने रोमानिया से उड़ान भरी थी. यूक्रेन में फंसे भारतीयों का यह पहला समूह है जिसे संकट ग्रस्त देश से निकाला गया है. एयर ट्रैफिक कंट्रोल सूत्रों के अनुसार शाम 7.50 मिनट पर एयर इंडिया का विमान मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा.
बता दें कि आज शनिवार को एयर इंडिया के विमान में रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट पहुंचे भारतीय यात्रियों में से 219 लोगों के साथ भारत के लिए दोपहर 1.55 मिनट पर उड़ान भरी थी. केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई एयरपोर्ट पहुंचकर सभी यात्रियों का स्वागत किया. केंद्रीय मंत्री विमान के अंदर पहुंचे और सभी यात्रियों का हाल चाल जाना. इसके बाद उन्होंने विमान के क्रू मेंबर्स की भी तारीफ की.
बीएमसी देगी भारत लौटने वाले यात्रियों को फ्री सेवाएं
भारतीयों की वापसी को लेकर मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा कि यह हमारे बच्चे हैं जो अपने वतन वापस आ रहे हैं. बीएमसी ने उनकी वापसी के लिए तैयारी पूरी कर ली है. उन्होंने कहा कि यूक्रेन से आने वाले यात्री अगर कहीं भी जाना चाहते हैं तो उनका कोविड टेस्ट, टीकाकरण, भोजन उनका सारा खर्च हम वहन करेंगे.

मेयर ने कहा कि आज जो यात्री यूक्रेन से मुंबई आ रहे हैं उन्हें बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ओर से मुफ्त सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट लाए गए भारतीयों ने सभी का अच्छे से ख्याल रखने के लिए भारतीय अधिकारियों की प्रशंसा की.
बता दें कि यूक्रेन से भारतीयों की निकासी को लेकर विदेश मंत्री भी बयान दे चुके हैं. उन्होंने कहा कि सरकार संकटग्रस्त देश से लोगों की वापसी के लिए तेजी से काम कर रही है. हमारी टीमें इस मामले पर 24 घंटे काम कर रही हैं और मैं खुद इसकी निगरानी कर रहा हूं.
शनिवार सुबह यूक्रेन में स्थित भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को अपने अधिकारियों के साथ संपर्क किए बिना किसी भी सीमा चौकी को पार न करने की सलाह दी थी. दूतावास ने कहा था कि विभिन्न सीमा चौकियां इस समय संवेदनशील हैं और दूतावास पड़ोसी देशों में हमारे दूतावास के साथ मिलकर नागरिकों को निकालने का काम कर रहा है.



Leave a Reply