Breaking News

बिहार में बदला मौसम का मिजाज, रोहतास में पड़ी बर्फ, लोग सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे फोटो-वीडियो

बिहार में बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी युक्त हवा ने मौसम बदल दिया है। राजधानी पटना समेत दक्षिणी बिहार के कई जिलों में दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए हैं। पटना के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई है। रोहतास में बारिश के पहले बर्फबारी भी हुई है। इसके अलावा नवादा समेत कई जिलों में बादल छाए हुए हैं।

मौसम विभाग ने अगले 2-3 घंटों में जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर और खगड़िया में बादल गरजने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की आशंका जताई है। कहा गया है कि अगले दो दिनों तक राज्य में हवा का प्रभाव देखने को मिलेगा।

नवादा में मौसम के बदले मिजाज की तस्वीर।

नवादा में मौसम के बदले मिजाज की तस्वीर।

48 घंटे तक दिखेगा मौसम में बदलाव

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य भर में समुद्र तल से 0.9 किलो मीटर ऊपर तक दक्षिण पूर्वी एवं 1.5 किलो मीटर ऊपर तक उत्तर पछुआ हवा का प्रवाह देखने को मिल रहा है। वही एक ट्रफ रेखा मध्य उत्तर प्रदेश से दक्षिण पूर्व बिहार तक गुजर रही है, जो समुद्र तल से 0.9 किलो मीटर पर स्थित है। बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवा का आगमन राज्य के पूर्वी एवं मध्य भागों में देखा जा रहा है।

इसकी सक्रियता राज्य में और बढ़ सकती है। इन मौसमी कारकों के प्रभाव से मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहेगा। इसके बाद नमी युक्त हवा की सक्रियता बढ़ने के कारण 24 और 25 फरवरी को पूर्वी एवं मध्य भाग के अलग अलग स्थानों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश या फिर बूंदाबांदी का पूर्वानुमान है।

रात में छाए रहेंगे बादल

मौसम विभाग के मुताबिक 48 घंटे के दौरान रात में मध्यम स्तर के बादल छाए रहेंगे। हवा का प्रवाह भी 5 से 10 डिग्री सेल्सियस तक होगा। रात में मध्यम स्तर के बादल भी छाए रहने के साथ नमी व ट्रफ रेखा के प्रभाव के बाद मौसम में बदलाव दिखाई पड़ेंगे। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान रात के तापमान में दो से 4 डिग्री की वृद्धि का पूर्वानुमान है।

रोहतास में बारिश से पहले हुई बर्फबारी, सड़कें पटी

रोहतास जिले के कई हिस्सों में गुरुवार दोपहर एक बजे बर्फबारी हुई है। 5 मिनट तक लगातार हुई बर्फबारी से जिले के कई हिस्से पट गए। उसके बाद बारिश शुरू हुई, जो रूक-रूक कर हो रही है। बता दें कि सुबह से मौसम में बदलाव दिख रहा था। छिटपुट बादल थे, परंतु दोपहर 12 बजे घने बादलों की वजह से अंधेरा छाने लगा। एक बजे के आसपास पहले बर्फबारी और फिर बारिश शुरू हो गई। सासाराम प्रखंड, शिवसागर, चेनारी प्रखंड के बड़े इलाके में बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद लोग लगातार इसके वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। कई सड़कें बर्फ से पटी दिख रही हैं।

किसानों को लगी फसलों की चिंता

बर्फबारी से मौसम ठंडा हुआ है लेकिन किसानों की परेशानी बढ़ गई है। इससे रबी फसलों एवं सब्जी की खेती को भारी नुकसान हुआ है। सासाराम प्रखंड के खैरा गांव के किसान रामदेव सिंह ने बताया कि बर्फबारी से गेहूं, चना, सरसों आदि की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। बर्फबारी बारिश से पूरे क्षेत्र के किसान चिंतित हैं। किसान राम एकबाल महतो बताते हैं कि गर्मा सब्जी के साथ अन्य सब्जियों को नुकसान पहुंचा है। नेनुआ, करैला आदि के छोटे पौधे प्रभावित हुए हैं। गोभी, बैंगन भी प्रभावित हुए हैं।

जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि जिले के कुछ हिस्सों में बर्फबारी एवं वर्षा की सूचना है। प्रखण्ड कृषि अधिकारियों को फसलों के नुकसान का आकलन करने को कहा जाएगा। रिपोर्ट आने पर ही कहा जा सकता है कि कितने फसल का नुकसान हुआ है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.