कोरोना की तीसरी लहर के शांत होते ही एक बार फिर गंगा महाआरती होने जा रही है। हर शनिवार और रविवार को पटना के गांधी घाट पर गंगा महा आरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शामिल होने के लिए गाइडलाइन तैयार की गई है। कोरोना की गाइडलाइन का पालन करते हुए कोई भी व्यक्ति गंगा महाआरती का हिस्सा बन सकता है।
कोरोना की तीसरी लहर में लगा था ब्रेक पटना में गंगा महाआरती का आयोजन काफी धूम धाम से होता था। कोरोना के कारण तीसरी लहर में इसे संक्रमण के खतरे के कारण बंद कर दिया गया था। कोरोना की तीसरी लहर के शांत पड़ते ही फिर से गंगा महा आरती की तैयारी की जा रही है। शर्त के साथ गंगा आरती कराई जाएगी जिससे शामिल होने वालों के लिए नियम बनाए गए हैं। पटना में प्रत्येक शनिवार और रविवार को गंगा महाआरती का आयोजन गांधी घाट पर किया जाएगा।
सूर्यास्त के बाद रात 10 बजे तक आरती
पटना में गंगा महाआरती का समय सूर्यास्त के बाद प्रारंभ होकर रात 10 बजे तक होगा। पूरा कार्यक्रम इसी निर्धारित समय के अंदर ही खत्म किया जाएगा। रात 10 बजे तक पूरा कार्यक्रम समाप्त कर घाट को खाली करा दिया जाएगा। महाआरती के अवसर पर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था ,यातायात व्यवस्था एवं विधि व्यवस्था संधारण के लिए जिला दंडाधिकारी पटना एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पटना द्वारा संयुक्तादेश जारी कर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी ,पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया गया है।
कोरोना की गाइडलाइन का करना होगा पालन
गंगा महाआरती के दौरान कोविड संबंधी प्रावधानों का कड़ाई के साथ पालन कराया जाएगा। इसे लेकर डीएम पटना डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने निर्देश दिया है। गंगा महाआरती मे एक अस्थायी नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। गांधी घाट पर अस्थायी नियंत्रण कक्ष का निर्माण बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड पटना द्वारा किया जाएगा तथा रोस्टरवार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। गंगा महाआरती के अवसर पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी पुलिस पदाधिकारी एवं यातायात पदाधिकारी को हर स्तर पर मॉनिटरिंग का निर्देश दिया गया है।

गंगा महाआरती के दौरान यह है नियम
- एनआईटी गेट से आगे गांधी घाट की ओर वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। केवल पुलिस, प्रशासन तथा आवश्यक सेवा के वाहनों को अनुमति होगी।
- यातायात पुलिस के द्वारा वाहनों की पार्किंग सड़क के किनारे एवं खाली स्थानों पर सिलसिलेवार ढंग से कराया जाएगा।
- गंगा महा आरती के दौरान गंगा नदी में नाव का परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान केवल सरकारी कार्य में संलग्न नाव एवं मोटर बोट को चलाया जाएगा।
- एनआईटी गेट के पास एवं उसके दक्षिण तिराहा पर ट्रॉली, ड्रॉप गेट की व्यवस्था होगी।
- आरती के दौरान बिजली व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, अग्निशमन व्यवस्था, ड्रॉप गेट की व्यवस्था, सुरक्षा जांच, कोविड प्रोटोकॉल, नियंत्रण कक्ष आदि की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।



Leave a Reply