BIHARBreaking News

राजद राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक, तेजस्वी ने कहा- देश में कांग्रेस के बिना विपक्ष संभव नहीं

गुरुवार को राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई। पटना के तीन सितारा होटल मौर्या में इसका आयोजन हुआ। इस दौरान लालू यादव ने भाजपा और नीतीश पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि- ‘उत्तर प्रदेश चुनाव में हम लोगों को एकजुट होकर बीजेपी को हराना होगा। बिहार में शराबबंदी को लेकर उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल फेल है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के बिना देश में विपक्ष संभव नहीं है। लेकिन क्षेत्रीय दलों को राज्यों में ड्राइविंग सीट पर रखना होगा। सभा के दौरान तेजस्वी ने जानकारी दी कि अब 11 अक्टूबर को राजद की राष्ट्रीय परिषद की बैठक दिल्ली में होगी। उसी समय राष्ट्रीय अध्यक्ष का चयन भी होगा।

कार्यकारिणी की बैठक में भाषण देते नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव।

कार्यकारिणी की बैठक में भाषण देते नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव।

तेजस्वी ने कहा- राजद को कमजोर किया जा रहा

तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद पहले राष्ट्रीय पार्टी हुआ करती थी। बाद में जब गठबंधन का दौर चला तो हमने गठबंधन किया। इस दौरान हमने धर्मनिरपेक्ष पार्टियों के साथ कई राज्यों में भाग भी लिया। उन्होंने कहा कि बिहार में राजद सबसे बड़ी पार्टी है। लेकिन इन दिनों राजद को ही कमजोर किया जा रहा। ऐसा ज्यादा दिन तक चलने वाला नहीं है। विधानसभा में हमने 70 सीटें जीती हैं। ऐसे में कांग्रेस को भी हमारा साथ देना चाहिए।

तेजस्वी ने कहा कि राजद ने हमेशा त्याग किया है। बीजेपी को रोकने के लिए राजद का समर्थन करना चाहिए। हर क्षेत्रीय पार्टी ने कभी ना कभी एनडीए के साथ समझौता किया। लेकिन राजद ने एक बार भी ऐसा नहीं किया। उन्होंने अपने विधायकों को संबोधित करते हुए कहा कि राजद के सभी विधायक सोने से पहले ये सोचे लें कि आज उन्होंने क्या योगदान दिया है। नेताओं के लिए पार्टी ही सब कुछ है। पार्टी है तो हम हैं। चुनाव के दौरान पार्टी ने कुछ लोगों को टिकट दिया तो कुछ लोग इससे वंचित रह गए। लेकिन हम सभी एक हैं। हमें साथ मिलकर बिहार को आगे बढ़ाने के लिए लड़ना होगा।

लालू बोले- तेजस्वी के नेतृत्व में पार्टी ने कमाल कर दिया

इधर, लालू प्रसाद यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजद का इतिहास संघर्ष से भरा रहा है। हमने कभी कोई समझौता नहीं किया। हमारी अध्यक्षता में पार्टी ने बहुत सफलता पाई। देश की किसी भी पार्टी से राजद की औकात बहुत बड़ी है। नेताओं को हमेशा लड़ने के लिए तैयार रहना चाहिए। आज अंग्रेज ही नए रूप में पैदा होकर देश पर राज कर रहे हैं। मैंने ऐसा पीएम कभी नहीं देखा।

उन्होंने कहा कि मैं तीन चुनाव लड़ने से चूक गया। लेकिन तेजस्वी के नेतृत्व में पार्टी ने कमाल कर दिया। बिहार में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह चौपट है। यूपी चुनाव में भाजपा का सफाया होने जा रहा है। यह चुनाव महत्वपूर्ण होने वाला है। स्थानीय निकाय में 80 फीसदी हमारे लोग चुने गए हैं। 24 सीटों में ज्यादातर सीटों पर हम जीतकर आएंगे। सबको मिलकर समझदारी से चुनाव लड़ना है।

बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, पूर्व मंत्री और छात्र जनशक्ति परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव, राज्यसभा सदस्य मीसा भारती, वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी,उदय नारायण चौधरी, जयप्रकाश नारायण यादव, श्याम रजक, सुनील सिंह आदि कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके बाद राजद कार्यालय में शाम को बैठक होगी। इसको लेकर कार्यालय को सजाया गया है।

बैठक में पहुंचे राजद राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव।

बैठक में पहुंचे राजद राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि राज्य कार्यकारिणी की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री और लालू प्रसाद यादव की पत्नी राबड़ी देवी मौजूद नहीं थीं। वहीं राष्ट्रीय परिषद के सदस्य मीरा यादव को कार्यकारिणी की बैठक में जाने से रोका गया। मीरा जहानाबाद से चुनाव लड़ चुकी हैं।

राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को लेकर आज राजद कार्यालय को इस तरह से सजाया गया था।

राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को लेकर आज राजद कार्यालय को इस तरह से सजाया गया था।

उदय बने राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी
राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अगले सत्र ( 2022 – 20025 ) के संगठनात्मक चुनाव सम्पन्न कराने के लिए उदय नारायण चौधरी को राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी और चित्तरंजन गगन को सहायक राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी बनाया गया।

राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को लेकर आज राजद कार्यालय को सजाया गया।

राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को लेकर आज राजद कार्यालय को सजाया गया।

अभी नहीं होगा राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव
बैठक में पहुंचे वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह से भास्कर ने पूछा कि क्या आप एक बार फिर से प्रदेश अध्यक्ष बनने की इच्छा रखते हैं? इस सवाल के जवाब में जगदानंद सिंह ने कहा कि उन्होंने तो कभी इसकी इच्छा प्रकट ही नहीं की। यह पार्टी तय करती है और। उसकी पूरी प्रक्रिया होती है उसी प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष चुना जाता है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पर उन्होंने कहा कि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभी लालू प्रसाद यादव हैं और नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव होने में अभी समय लगेगा। अक्टूबर में यह फाइनल हो जाएगा कि कौन राष्ट्रीय अध्यक्ष होगा।

आज की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने भी भाषण दिया।

आज की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद ने भी भाषण दिया।

कांग्रेस के प्रति राजद में गुस्सा
राजद ने 24 सीटों पर होने वाले विधान परिषद चुनाव के लिए अपना रास्ता अलग कर लिया है। इस बार वह लेफ्ट पार्टियों के साथ है लेकिन कांग्रेस के साथ नहीं। हालांकि पार्टी का कोई नेता कांग्रेस के खिलाफ तल्ख टिप्पणी नहीं कर रहा। केंद्र में राजद, कांग्रेस का साथ चाहती है पर 24 सीटों पर नहीं। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जिद करके 70 सीटें ली थीं और जीत पाई 19 पर। इसका गुस्सा राजद के अंदर अभी भी कायम है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.