BIHARBreaking NewsSTATE

बिहार में 4 एक्सप्रेस वे बनेंगे, मंत्री बोले- डबल इंजन की सरकार का पूरा लाभ मिल रहा है

एक साल पूरा होने पर पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने अपने किए हुए काम का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। 9 फरवरी 2021 को नितिन नवीन ने पथ निर्माण विभाग में मंत्री पद का पदभार लिया था। इस मौके पर मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि एक साल के दौरान पटना समेत पूरे राज्य में सड़क-पुल निर्माण की कई बड़ी योजनाओं को क्रियान्वित किया गया है। मंत्री ने कहा कि पटना-कोलकाता समेत बिहार में भी 4 एक्सप्रेस वे बनाए जाएंगे। एक्सप्रेस-वे बनने से बिहार के लोगों को काफी सहूलियत होगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार का पूरा लाभ हमें मिला है। कई बड़ी योजनाओं को मूर्त रूप दिया गया है। केंद्र सरकार की मदद से बिहार लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अपने विभाग की तरफ से उपलब्धियों और भविष्य में कार्यान्वित होने वाली योजनाओं के बारे में बताया।

पथ निर्माण मंत्री बोले- मुंगेर- गया रेल सह सड़क पुल का होगा लोकार्पण
पथ निर्माण मंत्री ने कहा कि 1 साल के कार्यकाल में अटल पथ फेज-1 की शुरुआत की गई। जीपीओ गोलंबर से भिखारी ठाकुर फ्लाईओवर वाया आर ब्लॉक को आम जनता के लिए खोल दिया गया। NH33B मुंगेर-गया रेल सह सड़क पुल का पहुंच पथ 11 फरवरी को लोकार्पण होगा। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसका लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा जेपी-गंगा पथ परियोजना जो 3390 करोड़ की लागत से बनने वाली है। उसके लिए हुडको से 2000 करोड़ रुपए वित्तीय समपोषण कराकर, इस महत्वाकांक्षी योजना के निर्माण में तेजी लाई गई है। इस योजना को अप्रैल 2023 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। पटना शहर को जाम से मुक्त करने के लिए 422 करोड़ की लागत से 2.20 किलोमीटर लंबे कारगिल चौक से पटना साइंस कॉलेज तक महत्वाकांक्षी 4 लेन डबल डेकर फ्लाईओवर निर्माण की स्वीकृति एवं कार्य आरंभ किया गया है। बख्तियारपुर-ताजपुर के बीच गंगा नदी पर निर्माणाधीन चार लेन पुल परियोजना के बंद इकरारनामा को इस अवधि में रिवाइव करने की सार्थक पहल की गई है। 69 करोड़ की लागत से अटल पथ फेज-2 परियोजना में एफसीआई से भू अर्जन करते हुए परियोजना का शुभारंभ किया गया है। इसे इस साल में पूर्ण कर लेना है।

नितिन नवीन बोले- बिहार में जाम से मिलेगी निजात

नितिन नवीन ने बताया कि पथों के दीर्घकालीन संधारण की तरह ही पुलों के रखरखाव के लिए पुल संधारण नीति बनाने की कार्रवाई की जा रही है। आगामी सत्र से पहले कैबिनेट से इसे स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। इससे पुलों के दीर्घकालीन एवं गुणवत्तापूर्ण संधारण सुनिश्चित किया जा सकेगा। बक्सर से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के साथ संपर्क के लिए राज्य सरकार के अनुरोध पर भरौली से हल्दिया के 17 किलोमीटर लंबे मार्ग पर उत्तर प्रदेश में चार लेन सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाने का लक्ष्य है। इससे पटना से दिल्ली तक की यात्रा करने में समय एवं दूरी की बचत होगी। NH83 पटना- गया- डोभी सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है। इसे अगले वित्तीय वर्ष में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। पटना-बक्सर सड़क निर्माण कार्य के कुल 3 पैकेज में दो पैकेज में चार लेन मानक के अनुरूप सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है। परेव से बक्सर तक का कार्य अंतिम चरण में है। पटना से परेव तक के निर्माण कार्य का भी निविदा इस वित्तीय वर्ष में जारी करने का लक्ष्य है। गया- हिसुआ- राजगीर- नालंदा- बिहार शरीफ पथ को दिसंबर 2022 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। 124 करोड़ की लागत से लोहिया पथ चक्र फेज वन का कार्य पूर्ण किया गया है। वहीं फेज-2 के कार्य में प्रगति को लेकर विभाग काम कर रहा है। नितिन नवीन ने कहा कि आने वाले दिनों में बिहार में कई योजनाएं लांच होगी जिससे बिहार में जाम की स्थिति नहीं रहेगी। केंद्र सरकार से भी लगातार NH लाया जा रहा जिसका निर्माण लगातार दिख रहा है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.