मुजफ्फरपुर के बेला औद्योगिक क्षेत्र एक बार फिर सुर्खियों में है। दरअसल, बेला फेज 2 में एक पूर्व जिला पार्षद के गोदाम से भारी मात्रा में पुलिस ने सोमवार देर रात शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत 50 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। गोदाम से एक ट्रक, दो पिकअप और एक बाइक भी जब्त की गई। पंजाब के रहने वाले ट्रक चालक को भी गिरफ्तार किया गया। उससे पूछताछ हो रही है। गोदाम मुशहरी इलाके के एक पूर्व जिला पार्षद का है।
पुलिस जांच में पता लगा कि उसने गोदाम भगवानपुर के अमित कुमार को लीज पर दे रखा था। पहले पूर्व जिला पार्षद इसमें कार्टन की फैक्ट्री चलाते थे, लेकिन बाद में इसे गोदाम बना दिया और डेढ़ लाख रुपए सालाना लीज पर दे दिया था। SSP जयंतकांत ने बताया कि इसमें जिसकी भी संलिप्तता होगी उन पर FIR दर्ज की जाएगी। सरकारी संपत्ति को उसने कैसे दूसरे को लीज पर दे दिया, इसकी भी जांच कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को पंजाब से शराब की खेप मंगाई गई थी। इसे सीमेंट के गोदाम में अनलोड कर पिकअप पर लोड किया जा रहा था। ताकि विभिन्न इलाकों में इसकी सप्लाई की जा सके। इसी दौरान इसकी गुप्त सूचना मिली। टाउन DSP रामनरेश पासवान को कार्रवाई का निर्देश दिया। वे बेला थानेदार कुंदन कुमार को लेकर गोदाम पर पहुंचे। भीतर जाने पर शराब अनलोड होने का पता लगा। वहां और भी कई धंधेबाज मौजूद थे। जो पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही फरार हो गए।

बता दें, एक साल पूर्व भी बेला औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री से शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई थी। पुलिस सूत्रों की माने तो बेला में बंद पड़े कई गोदाम में शराब की तस्करी का धंधा होता है। इस दिशा में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।



Leave a Reply