मुजफ्फरपुर जिले में शुक्रवार को भी स्वास्थ्य कर्मी व रेल कर्मी समेत कुल 198 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आये है। इसमें 9 स्वास्थ्य विभाग के कर्मी व 7 रेल कर्मी शामिल बताए जा रहे हैं। इधर, जिला प्रशासन की ओर से जारी किए गए आंकड़े के अनुसार शुक्रवार को 5251 लोगों के सैंपल जांच किया गया। जिसमें कुल 198 पॉजिटिव मिले। इसके साथ ही जिले में अब कुल एक्टिव केस की संख्या 1858 हो गई है।
आंकड़े के अनुसार शुक्रवार को 145 लोग स्वस्थ्य भी हुए। सदर अस्पताल में 233 लोगों का कोरोना जांच में 69 लोग पॉजिटिव पाए गए। जबकि इमलीचट्टी बस स्टैंड में 110 और जंक्शन पर 900 लोगों का आरटीपीसीआर जांच किया गया। जिसका सैंपल जांच के लिए एसकेएमसीएच के लेबोरेटरी में भेज दिया गया। इसकी रिपोर्ट रविवार तक आएगी।
इधर, सिविल सर्जन डॉ विनय कुमार शर्मा ने बताया कि बीवी कॉलेजिएट स्थित परीक्षा समिति कार्यालय में बने डेडीकेटेड कोविड अस्पताल में शुक्रवार को भी एक गंभीर मरीज को भर्ती किया गया। अब यहां 3 कोरोना मरीजों का इलाज चल रहा है। उधर एसकेएमसीएच में भी एक मरीज को भर्ती किया गया। यहां कुल 7 मरीज का इलाज चल रहा हैं। इस प्रकार एसकेएमसीएच और बीवी कॉलेजिएट में कुल 10 मरीजों का इलाज चल रहा है।इधर, कोरोना संक्रमित पहला बच्चा शुक्रवार को एसकेएसमीएच के कोरोना वार्ड में भर्ती किया गया। उसकी उम्र नौ वर्ष बताई जा रही है। डॉक्टरों ने बताया कि उसकी हालत ठीक है। ऑक्सीजन लगाने की जरूरत नहीं है।




Comment here