बिहार में 73 गोलियों के वार से कोरोना हार रहा है। होम आइसोलेशन वाले संक्रमित 5 से 7 दिनों में कोरोना को मात दे रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की 73 गोलियों के पैक से वायरस के अटैक से होने वाले सिम्टम ठीक हो रहे हैं। देश में कोरोना की तीसरी लहर चल रही है लेकिन अभी तक वायरस का इलाज नहीं बल्कि इसके अटैक से होने वाली बीमारियों का इलाज हो रहा है। कोरोना से राहत के लिए वैक्सीनेशन और मास्क के साथ इसके गाइडलाइन का पालन करना होगा। बिहार में आंकड़े बता रहे हैं कि नए वैरिएंट के स्प्रेड होने के बाद भी 7 दिन संक्रमित कोरोना को मात दे रहे हैं। पांच दवाओं के कांबिनेशन की 73 गोलियों से बड़ी राहत मिल रही है।
हर लहर में यही दवाएं बचाती हैं जान
कोरोना की पहली लहर से लेकर तीसरी लहर में संक्रमित लोगों के लिए 5 दवा का कांबिनेशन ही राहत दे रहा है। लहर कोई भी हो और वायरस का भी कोई वैरिएंट हो दवाएं वही दी जाती है। इन पांच दवाओं के कांबिनेशन में कोरोना वायरस से होने वाले सभी लक्षणों के उपचार हैं। इसमें बुखार, खांसी, नाक से लेकर गले तक के इंफेक्शन के साथ चेस्ट इंफेक्शन तक की दवाएं शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से होम आइसोलेशन वाले संक्रमितों को जो दवाएं दी जा रही है, उसमें कुल 73 गोली है। पांच दवाओं की इन 73 गोलियों के लिए अलग-अलग डोज भी निर्धारित की गई है।

जानिए 5 दवा के कांबिनेशन की 73 गोलियां
- पेरासिटामोल टेबलेट (500 Mg) – 20 गोलियां
- एजीथ्रोमाइसिन टेबलेट (500 Mg) – 03 गोलियां
- विटामिन-बी कॉम्पलेक्स कैप्सूल – 10 गोलियां
- विटामिन-सी (एस्कार्बिक एसिड 500 Mg) – 20 गोलियां
- जिंक टेबलेट (20 Mg) – 20 गोलियां
जानिए कब क्या दवाएं लेकर दे सकते हैं कोरोना को मात
राज्य स्वास्थ्य समिति के एक्सपर्ट बताते हैं कि किसी भी प्रकार के कोरोना के लक्षण आने पर हर 4 घंटे पर बुखार नापा जाए। इसके साथ ही पल्स ऑक्सीमीटर से ऑक्सीजन सेचुरेशन (SPO2) भी नापते रहना चाहिए। अगर यह 94 से कम हो तो डॉक्टर से संपर्क करने की जरूरत है। अगर इस तरह की कोई समस्या नहीं है ऑक्सीजन सही है सांस लेने में कोई तकलीफ नहीं है तो होम आइसोलेशन में आप 5 दवा के कांबीनेशन से कोरोना को मात दे सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से संक्रमितों के घर भेजी जा रही कोरोना किट में शामिल दवाओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बताया है कि बुखार आने पर पेरासिटामोल की एक गोली 24 घंटे में 3 बार ले सकते हैं। एजीथ्रोमाइसिन की एक गोली 24 घंटे में एक बार ले सकते हैं। विटामिन सी की एक गोली प्रति दिन के हिसाब से 10 दिनों तक लेना है। मल्टी विटामिन की गोली भी प्रतिदिन एक के हिसाब से 10 दिनों तक लेना है। जिंक भी हर दिन एक 10 दिनों तक लेना है।

डाक विभाग से घर-घर जाएगी कोरोना किट
डाक विभाग से कोरोना की किट घर घर भेजी जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश जारी कर दिया है। दवा का पैकेट तैयार करने के लिए बीएमआईएसएल को जिम्मा दिया गया है। इसके बाद दवाएं लोगों के घर तक पहुंच रही हैं। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय का कहना है कि होम आइसोलेशन में मरीजों के लिए स्वास्थ्य विभाग पांच प्रकार की आवश्यक दवाइयां और अपयोगी सुझाव की मेडिकल किट तैयार किया है, इसे डाग विभाग के माध्यम से होम आइसोलेशन में रहे रहे संक्रमितों के घर भेजा जा रहा है।



Comment here