BIHARBreaking News

तेजस्वी बोले- नीतीश कुमार डरपोक मुख्यमंत्री, जदयू नेता का पलटवार, जानें…

बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने और जातीय जनगणना के सवाल पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार नीतीश कुमार पर दबाव बना रहे हैं। पहले तो उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने नीतीश कुमार को सलाह दी कि वे भाजपा कोटे के सभी मंत्रियों को बर्खास्त करें। राजद आपका साथ देने को तैयार है। अब तेजस्वी यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री को अपनी कुर्सी बचानी है। उनको देश की जनता या बिहार की जनता से कोई लेना देना नहीं है। रविवार को पटना में ये बातें तेजस्वी ने कहीं।

डरपोक मुख्यमंत्री हैं, निर्णय नहीं ले पा रहे

उन्होंने कहा कि बिहार विधान सभा से जब दो बार प्रस्ताव पारित हो गया तो अब बैठक बुलाने की क्या जरूरत है। यह तो बिहार विधान सभा के प्रस्ताव पर ही सवाल उठाना है। कहा कि मैं सिंगल से शादीशुदा हो गया और अब तक बैठक नहीं बुलायी गई। नीतीश कुमार हमेशा से राजनीतिक बैसाखी वाले मुख्यमंत्री हैं। इतने कमजोर मुख्यत्री हैं कि एक निर्णय नहीं ले पा रहे हैं। वे डरपोक मुख्यमंत्री हैं।

डिले पॉलिटिक्स कर रहे नीतीश कुमार

तेजस्वी ने कहा कि बैठक बुलाने की बात डिले पॉलिटिक्स है। बैठक बुलाते तो पता चलता कि कौन साथ है कौन विेरोध में। लेकिन बैठक की कोई जरूरत नहीं है। थोपा-थोपी का खेल खेल रहे हैं मुख्यमंत्री। वे सोचते रहते हैं कि बिहार के लोगों को कैसे उल्लू बनाया जाए। बिहार के लोगों ने तीसरे नंबर की पार्टी जदयू को बना दिया। यही हरकत रही रही तो पता नहीं अगली बार वे कहां रहेंगे!

जदयू का पलटवार

तेजस्वी यादव के बयान पर जदयू के प्रवक्ता और पूर्व मंत्री नीरज कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव को जानकारी का बिल्कुल अभाव है। वे केरल और कर्नाटक की बात कर रहे हैं । केरल में तो एक सहयोगी पार्टी ने इसकी मांग की है और उसे रेफर किया गया है। अभी जाति जनगणना केरल में हुई कहां है? कहा कि नीतीश कुमार तो जाति जनगणना और विशेष राज्य का मुद्दा उठाते रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कह दिया है कि जाति जनगणना कराएंगे पर उसका मॉडल होगा ना, किसी चीज का तरीका होता है ना ! 2005 से नीतीश कुमार लालू जी को पटखनी दे रहे हैं। दे पटखा.. दे पटखा…। तेजसवी तो उनके बेटे ही हैं। जाति जनगणना का प्रस्ताव सांसद के तौर पर संसद में ही नीतीश कुमार ने रखा था।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.