BIHARBreaking News

बिहार में मास्क नहीं पहनने पर लगवाई उठक-बैठक

बिहार में मास्क नहीं लगाने वालों को स्कूली बच्चों की तरह सजा दी जा रही है। पहले उठक-बैठक कराया जा रहा है, फिर 50 रुपए का जुर्माना वसूला जा रहा है। इतना ही नहीं, जाते-जाते यह शपथ भी दिलाई जा रही है कि भविष्य में ऐसी गलती नहीं होगी।

राज्य में गुरुवार से नाइट कर्फ्यू के साथ सख्ती बढ़ाई गई है और जांच के लिए टीमों को सार्वजनिक स्थानों पर लगाया गया है। पटना में अधिकारियों ने कोरोना की गाइडलाइन का पालन कराने के लिए यह अनोखी तरकीब लगाई है जिसमें बच्चों की तरह सजा देने का काम किया जा रहा है।

पाबंदी के पहले दिन सड़क पर 10 टीमें

पटना में थानों की पुलिस के साथ विशेष टीम को कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए लगाया गया है। गुरुवार को पाबंदी का पहला दिन था, इस कारण टीम को पूरी तरह से अलर्ट मोड पर रखा गया था। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह और एसएसपी मानवजीत सिंह ढिल्लों ने संयुक्त बैठक कर कोरोना गाइडलाइन में जारी सरकार की पाबंदियों का कड़ाई से पालन कराने को कहा है।

मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी।

मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारी।

इस क्रम में गुरुवार की सुबह से ही टीम क्षेत्र में निकल गई और छापेमारी में जुट गई। 10 टीमों को माइकिंग के लिए लगाया गया था, जो लोगों को अवेयर कर रही थी। वहीं दूसरी तरफ धावा दल और प्रशासनिक अधिकारी जुर्माना करने में लगे थे।

ठंड में उठक-बैठक से छूटा पसीना

पटना के मीठापुर सब्जी मंडी में मास्क की चेकिंग के लिए धावा दल के साथ सीओ सदर की मौजूदगी में बड़ा अभियान चलाया गया। यहां काफी भीड़ थी और लोग मास्क भी नहीं लगाए थे। ऐसे में एक तरफ से कार्रवाई करनी शुरु की गई।

धावा दल ने एक तरफ से पहले ऐसे लोगों को पकड़ा जो मास्क नहीं लगाए थे और बारी-बारी से उन्हें उठक-बैठक कराना शुरु कर दिया। पहले जमकर उठक-बैठक कराया और फिर जुर्माना किया गया। इस ठंड के मौसम में लोगों को इस सजा से पसीना छूट गया।

इस दौरान सब्जी मंडी में एक दर्जन से अधिक लोगों को उठक-बैठक कराई गई और फिर जुर्माना वसूलने के बाद भविष्य में गाइडलाइन नहीं तोड़ने की शर्त पर छोड़ा गया है। इस दौरान जिनके पास मास्क नहीं था, उन्हें मास्क भी दिया गया है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.