बिहार में कोविड की नई गाइडलाइन छह जनवरी यानी गुरुवार से लागू हो जाएगी। राज्य में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण बाद सरकार एक बार फिर सख्तियां बढ़ाने की तैयारी में जुट गई है। इसके बाद शादी-विवाह की तैयारी में जुटे परिवारों और शादी व्यवसाय से जुड़े लोगों की चिंता खासी बढ़ गई है। दरअसल, खरमास खत्म होते ही जनवरी महीने में भी खूब शादियां होनी हैं। लेकिन, अब कोरोना संक्रमण का असर इन पर दिख रहा है ।
बढ़ा संक्रमण तो रद्द होने लगी होटलों में बुकिंग
संक्रमण की रफ्तार बढ़ते ही सरकार नई गाइडलाइन बनाने की तैयारियों में जुट गई है। इधर, शादियों की तैयारियों में जुटे लोग नई आशंकाओं से घिर गए हैं । पटना के होटल -पाटलीपुत्रा एक्जॉटिका के ईएमए पारितोष कश्यप के मुताबिक 16 से 25 जनवरी की बुकिंग पर सबसे अधिक असर दिख रहा है । लोग नई गाइडलाइन जारी होने के पहले ही इन तारीखों की बुकिंग रद्द कर रहे हैं । पारितोष के मुताबिक अब तक 4 से 5 इवेंट की बुकिंग कैंसिल हो गई है । इसमें शादियों से जुड़े इवेंट भी शामिल हैं।


हिंदू परिवारों में 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन से ही शादी-विवाह आयोजन शुरू हो जाते हैं । नवंबर से दिसंबर के बीच हुई शादियों में मिली छूट को देखते हुए लोग अब फिर से शादियों के भव्य समारोहों के आयोजन करने का मन बना रहे थे। लेकिन, जिस तरह से कोरोना की तीसरी लहर सामने आ कर खड़ी हो गई। उससे लोग फिर से परेशान हैं ।
होटल व्यवसाय फिर से बढ़े नुकसान को लेकर है आशंकित
शादियों के कैंसिल होने के बाद अब होटल व्यवसाय से जुड़े लोग फिर से बड़े नुकसान को लेकर आशंकित हैं। असल में 22 जनवरी से 16 फरवरी तक शादी के हैं 16 मुहूर्त हैं । बढ़ते संक्रमण ने फिलहाल केवल शुरूआती मुहुर्तो पर ही असर डाला है। लेकिन डर यह है कि हालात नहीं सुधरे तो कैंसिलेशन के मामले तेजी से बढेंगे । दूसरे लॉकडाउन में पटना होटल एवं रेस्त्रां एसोसिएशन के अनुसार बिहार के होटल व्यवसाय को करीब 400- 500 करोड़ का नुकसान हुआ था ।

अब शादियों की डेट आगे बढ़ाने को तैयार नहीं लोग
धार्मिक अनुष्ठान संपन्न करानेवाले पुरोहित पंडित प्रेम सागर के मुताबिक अब लोग शादियों की तारीख आगे बढ़ाने के लिए तैयार नहीं हैं । उनके मुताबिक 15 से शुभ मुहुर्त की शुरूआत हो रही है । इसके बाद शादियों के लिए 20 जनवरी , 22 जनवरी , 23 जनवरी , 25 जनवरी , 27 जनवरी , 28 जनवरी , 30 जनवरी , 10 फरवरी , 11 फरवरी और 16 फरवरी को शुभ मुहूर्त हैं ।

उनकी माने तो लोग बढ़ते संक्रमण को लेकर आशंकित तो हैं लेकिन डेट आगे बढ़ाने को फिलहाल तैयार नही । लोग संक्रमण बढ़ने पर घर में सादगी से शादी संपन्न कराने की तैयारी कर रहे हैं । इसकी वजह ये है कि अब लोगों ये मान चुके है कि कोरोना पूरी तरह खत्म होनेवाला नही ।



Leave a Reply