BIHARBreaking NewsSTATE

बड़ी खबर : पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी हुए कोरोना पॉजिटिव, बहू, बेटी समेत 18 लोग संक्रमित

बिहार में कोरोना लगातार अपना पैर पसार रहा है। कोरोना संक्रमण का मामले तेजी से बढ़ने लगा है। आम लोगों के साथ साथ कोरोना ने अब राजनीतिक घरानों में एंट्री कर ली है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) के साथ उनके परिवार के कई सदस्य, निजी सचिव और सुरक्षा गार्ड समेत 18 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यह सभी लोग गया के महकार गांव स्थित आवास में आइसोलेशन में हैं। अभी सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। सांस लेने में परेशानी या कोई अन्य गंभीर शिकायत नहीं है।

हम के राष्ट्रीय प्रवक्ता दानिश रिजवान ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, उनकी पत्नी शांति देवी, बेटी पुष्पा मांझी, बहू दीपा मांझी और पीए गणेश पंडित सहित 18 लोग कोरोना पॉजिटिव हैं। सर्दी, खांसी और बुखार के बाद सभी की कोरोना जांच कराई गई थी जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल जीतन राम मांझी पूरे परिवार के साथ अपने घर में आइसोलेशन में हैं। पूर्व सीएम इससे पहले भी कोरोना के चपेट में आ चुके हैं। कोरोना की दूसरी लहर में मांझी कोरोना संक्रमित हुए थे। 

इससे पहले सोमवार को मांझी ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सुझाव दिया था कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए जनता दरबार कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित रखा जाए। उन्होने ट्वीट कर लिखा था कि  राज्यहित में यह फैसला कारगर साबित होगा।

गया समेत पूरे बिहार में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। राज्य में पटना और गया में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गया में रविवार को  4810 लोगों की जांच की गई। इनमें से 109 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। संक्रमितों में 35 महिलाएं भी हैं। जबकि कई किशोर संक्रमित हुए हैं। गया में एक्टिव संक्रमितों की संख्या बढ़कर अब 315 तक पहुंच गई है। 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.