28 और 29 दिसंबर को इंडियन बैंक के मुजफ्फरपुर अंचल कार्यालय में सुधाकर राव, कॉर्पोरेट महाप्रबन्धक (एमएसएमई), चेन्नई के दो दिवसीय आगमन के दौरान मेगा क्रेडिट कैंप, ऋणों की संस्वीकृति और वितरण, शाखा प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक, उधमियों के साथ बैठक आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया गया साथ ही इस क्षेत्र मे एमएसएमई क्लस्टर की संभावनाएं भी तलाशी गई।
28 दिसंबर को आयोजित मेगा क्रेडिट कैंप की अध्यक्षता श्री सुधाकर राव, कॉर्पोरेट महाप्रबन्धक (एमएसएमई) ने की। इस शिविर में इंडियन बैंक के मुजफ्फरपुर अंचल के अंतर्गत आने वाली उत्तर बिहार के ग्यारह जिलों की कुल 84 शाखाओं ने भाग लिया। शिविर में रिटेल, कृषि एवं एमएसएमई संबंधित कुल 392 खताओं में कुल 117 करोड़ रुपये की ऋण राशि स्वीकृत की गई एवं 19.84 करोड़ रुपये की ऋण राशि का संवितरण किया गया साथ ही 52.00 करोड़ रुपये के एमएसएमई ऋण को संस्तुति प्रक्रिया में शामिल किया गया।


मीडिया कर्मियों के साथ साक्षात्कार में कॉर्पोरेट महाप्रबंधक ने कहा कि इंडियन बैंक समाज के सभी वर्गों के आर्थिक उन्नयन में हमेशा से अपनी भूमिका एवं दायित्व का निर्वहन करता रहा है तथा आगे भी ऐसा करने हेतु कटिबद्ध है। अपने कार्यक्रम के दौरान उन्होने मुजफ्फरपुर अंचल के अंतर्गत स्थित शाखाओं के शाखा प्रबंधकों एवं कुछ प्रमुख उद्यमियों के साथ मुलाक़ात की। श्री राव ने शाखा प्रबंधकों को स्टैंड अप इंडिया, मुद्रा लोन, पी एम ई जी पी एवं अन्य सरकारी योजनाओं में ऋण करने हेतु विशेष ज़ोर दिया।


उद्यमियों के साथ मुलाक़ात मे बैंक के मुजफ्फरपुर अंचल प्रमुख श्री रेशम लाल चराया ने कहा कि इंडियन बैंक अपनी कुशल बैंकिंग सेवाओं एवं ऋण योजनाओं से कृषकों, स्वयं सहायता समूहों एवं विशेषकर उद्यमियों को हमेशा से आकर्षित करता रहा है और भविष्य में भी करता रहेगा। उन्होने यह भी कहा कि यह क्षेत्र ट्रेडिंग हब है इसलिए इंडियन बैंक आकर्षक ब्याज दरों के साथ “इंड-ट्रेडवेल” नाम से उनके लिए एक ऋण सुविधा प्रदान करती है।
आगमन के दूसरे दिन महाप्रबंधक ने मुजफ्फरपुर क्षेत्र में एमएसएमई क्लस्टर की संभावनाएं तलाशी और इस हेतु उद्यमियों के साथ बैठकें की। आयोजन मे अंचल कार्यालय, मुजफ्फरपुर के उपअंचल प्रमुख श्री रणजीत कुमार चौधरी, मुख्य प्रबंधक श्री राज किशोर प्रसाद, मुख्य प्रबंधक श्री अजय कुमार, मुख्य प्रबन्धक (ऋण) श्री राज कृष्ण नीरज, मुख्य प्रबंधक (एमएपीसी) श्री अभिजीत कुमार, मुख्य प्रबन्धक (आरएपीसी) श्री संजय कुमार पांडे एवं ऋण विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




Leave a Reply