BIHARBreaking News

सांसद के ड्राइवर ने 24 लाख की संपत्ति उड़ाई, नकली चाबी बनवाकर की चो’री

शिवहर सांसद रामा देवी के आवास से उनके ड्राइवर ने ही 24 लाख रुपए की सम्पत्ति चोरी कर ली। उसने घर और कमरे की डुप्लीकेट चाबी बनवाई थी। फिर इसी के सहारे आलमीरा खोलकर 7.50 लाख रुपए कैश और 16 लाख से अधिक के गहने की चोरी कर ली। सांसद ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी।

मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के बृज बिहारी लेन स्थित अपने आवास पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने हथौड़ी थाना के बेरई के चालक अशोक राय को आरोपी बताया है। उसके साथ हाउस गार्ड राहुल यादव पर भी साठगांठ का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राहुल यादव फिलहाल ट्रांसफर करवाकर IG के यहां ड्यूटी करता है।

हालांकि, FIR में उन्होंने सिर्फ चालक का नाम दिया है। सांसद ने बताया कि दिल्ली में भी हमारे आवास पर उसने ही चोरी की थी। जिसका केस बाराखम्मा थाने में 21 दिसंबर को दर्ज कराया है।

17 वर्षों से कर रहा था काम

MP ने कहा कि ड्राइवर अशोक पिछले 17 वर्षों से हमारे यहां काम कर रहा था। उस पर काफी विश्वास करती थी। इसी का नाजायज फायदा उठाकर उसने घटना को अंजाम दिया। 6 दिसंबर को लोकसभा के सत्र में भाग लेने जाना था। ड्राइवर ने पटना एयरपोर्ट पर छोड़ दिया और वहां से ब्रह्मपुरा स्थित आवास आया। पहले उसके पास घर की चाबी रहती थी। वह घर की देखभाल करता था। मछलियों को खाना देता था। इसी दौरान उसने चुपके से डुप्लीकेट चाबी बनवा ली थी। 6 दिसंबर को वह मेन चाबी देकर डुप्लीकेट चाबी लेकर ब्रह्मपुरा स्थित घर पर आया था। इसी से मेन गेट, कमरा और आलमीरा खोलकर चोरी की। फिर वहां से भाग गया।

दिल्ली में छुपे होने का मिला सुराग

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता लगा है कि आरोपी दिल्ली में ही छिपा है। दिल्ली के आजाद नगर में उसके कुछ परिचित रहते हैं। जिसके यहां वह चोरी के बाद शरण ले रखा है। उसका लोकेशन मिलने के बाद दिल्ली पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई है।

इधर, IG गणेश कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। शीघ्र आरोपी पकड़ा जाएगा। जिस गार्ड राहुल यादव पर संदेह जताया गया है वह शिवहर में है। उससे भी पूछताछ की जाएगी। जो भी दोषी होगा बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.