BIHARBreaking News

वाल्मीकिनगर में कैबिनेट की बैठक में 13 एजेंडों पर मुहर

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में वाल्मीकिनगर जंगल में मंगलवार को आयोजित कैबिनेट की बैठक खत्म हो गई। आज की मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 13 एजेंडों पर मुहर लगी। उम्मीद जताई जा रही थी कि बगहा को जिले का दर्जा मिल जाएगा। लेकिन, ऐसा नहीं हुआ है। एक बार फिर नीतीश सरकार ने इस मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। इस बैठक में सरकार ने पटना में बापू टावर के निर्माण और ऑडियो विजुअल सिस्टम की योजना के लिए 44 करोड़ 86 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी है।

इसके अलावा शिक्षा विभाग के तहत माध्यमिक विद्यालयों को भवन मुहैया कराने के लिए पंचायत स्तर पर पहले चरण में कुल 677 उच्च माध्यमिक स्कूलों को उत्क्रमित करने का फैसला सरकार ने लिया।

वाल्मीकिनगर में प्रदर्शनी में एक स्टॉल पर सामानों की जानकारी लेते CM नीतीश कुमार।

वाल्मीकिनगर में प्रदर्शनी में एक स्टॉल पर सामानों की जानकारी लेते CM नीतीश कुमार।

टाउन प्लानिंग नियमावली में संशोधन के प्रस्ताव काे मंजूरी
नीतीश कैबिनेट ने बिहार नगरपालिका नगर योजना यानी टाउन प्लानिंग नियमावली में संशोधन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। साथ ही साथ पटना के दीघा घाट के पास स्थित भारतीय खाद्य निगम के रीजनल ऑफिस के निर्माण के लिए प्रावधानों में बदलाव को भी मंजूरी दी है। सरकार ने पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के लिए प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत केंद्रों के अलावा राज्य सरकार के योगदान के तौर पर 16 करोड़ 30 लाख 60 हजार की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। उद्योग विभाग के तहत भोजपुर जिले में एथेनॉल प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। सरकार ने बिहार राज्य वक्फ विकास योजना अंतर्गत अंजुमन इस्लामिया हॉल के पुनर्निर्माण के लिए 50 करोड़ 64 लाख 36 हजार की प्रशासनिक मंजूरी दी है।

जीवीका समूह को 45 करोड़ रुपए का चेक देते सीएम नीतीश कुमार।

जीवीका समूह को 45 करोड़ रुपए का चेक देते सीएम नीतीश कुमार।

सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध अब केंद्र के अनुरूप
राज्य में सिंगल यूज प्लास्टिक उत्पादों के विनिर्माण, आयात, भंडारण, परिवहन, विक्रय एवं उपयोग के प्रतिबंधों में एकरूपता लाने के लिए अब केंद्र सरकार के प्रतिबंधों के अनुरूप लागू किया जाएगा। 16 जून 2021 की राज्य सरकार की अधिसूचना में संशोधन को मंजूरी मिल गई है। यानी अब राज्य में एकल उपयोग वाले प्लास्टिक उत्पादों पर प्रतिबंध केंद्र सरकार की अधिसूचना के तहत उसी तिथि से लागू होगा।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.