भोजपुरी इंडस्ट्री में इन दिनों ट्रेंडिंग स्टार पवन सिंह और खेसारी लाल यादव के बीच जुबानी जंग छिड़ी है। शुक्रवार को लाइव आकर पवन सिंह ने नाम लिए बिना खेसारी पर निशाना साधा। इसके बाद भोजपुरी के कई कलाकार सोशल मीडिया पर लाइव आकर खेसारी के बारे में खुलासा करने लगे। इस पर भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह भड़क गई है। शनिवार को लाइव आकर अक्षरा ने अपना गुस्सा निकाला। उन्होंने कहा, ‘स्टारडम पचाना हर किसी के बस की बात नहीं।’
चलती कार से लाइव की शुरुआत अक्षरा ने भोजपुरी शायरी से की। उन्होंने कहा- ‘आपस में भेद करअ तारअ, अपन घर में सेंध करअ तारअ.. अरे मूर्ख बुझात नइखे, जवन छीपा में खा तारे ओही में छेद करअ तारअ…।’ सिंह ने कहा, ‘आपस में विवाद..लाइव आकर एक-दूसरे पर किचड़ उछालना..ये क्या कर रहे हैं आप सब? रवि किशन और मनोज तिवारी के पैर का धूल भी नहीं पन पाए हो। इंडस्ट्री का छिछा-लेदर मत करो।’

मनोज तिवारी और रवि किशन से सीखिए क्या होता है स्टारडम
अक्षरा ने खेसारी पर खुलासा करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘मौका पर चौका मारने की आदत है सभी को। क्या साबित करना चाहते हैं ? भोजपुरी के किस सम्मान की बात आप सब करते हैं ? सबसे बड़ा दुर्भाग्य है कि चार दिन में चार गाना गाइए और उसमें से एक गाना हिट हो जाए तो खुद को भगवान समझ लीजिए और उसके बाद किसी को कुछ समझिए ही मत। स्टारडम पचाना सब के बस की बात नहीं है। स्टारडम पचाना सीखना है तो जाकर रवि किशन और मनोज तिवारी से जाकर सीखिए कि स्टारडम क्या होता है। अभी इन दोनों का समय गया नहीं है।’

दूसरे इंडस्ट्री से सीखने की दी सलाह
उन्होंने कहा, ‘अभी बहुत कुछ करना बाकी है। खाली एक-दूसरे को गाली देते हो। दूसरे इंडस्ट्री से सीखो कैसे सपोर्ट किया जाता है। सोच से उबरिए, बाहर निकलिए।’ खेसारी पर खुलासा करने वालों को बरसाती मेढ़क बताते हुए कहा, ‘सब बरसाती मेंढक बिल से बाहर आ गए हैं, लेकिन बरसात के सीजन हमेशा नहीं होता।’
खाली लाइव में बोलने आता है
उन्होंने कहा, ‘मैं सभी बड़े कलाकारों को नमन करती हूं। मैं तो शून्य हूं। एक समय वह था जब एक लड़की को बेआबरू करने के लिए सभी जुट गए थे। एक गायक ने बंद कमरे में जब गाना गाया तब आपके भोजपुरी का वजूद कहां था। मैं भोजपुरी के सम्मान के लिए बिग बॉग में भी बोली। मेरा साथ किसी ने नहीं दिया, पर मैं भोजपुरी के लिए लड़ती हूं। अभी तक वेद के ज्ञाता बने हुए हैं? तब सब कहां गए थे? लाइव में खाली बोलने आता है? जहां पलरा भारी है वहां घुस जाने की आदत है। जिसके साथ भी काम कर लेती हूं उससे दिक्कत हो जाती है? अचानक से सब बिल से बाहर आकर पटर-पटर कर रहे हैं। मुद्दा बनाकर अपना फायदा के चक्कर में रहते हैं।’

तब मां-बहन की बदनामी नहीं हो रही थी ?
सिंह ने कहा, ‘किसी स्टार के तलवा चाटने वाले चमचों से पूछती हूं कि जब एक अबला का चीरहरण हो रहा था तब कहां थे? और फरियाना है हमसे तो एक-एक कर सबसे बात करने के लिए मैं तैयार हूं। लाइव नहीं, सामने आकर बात कीजिए। मेरा किसी ने साथ नहीं दिया। मैंने अपने मेहनत के बल पर अपना नाम बनाया, पर मैं नहीं कहती फिरती कि मैं बड़ी स्टार हूं। मेरे लिए भोजपुरी इंडस्ट्री बड़ी है।’



Leave a Reply