Breaking News

मुजफ्फरपुर में लावारिस हालत में मिला 250 किलो अनाज

मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट में बिहार राज्य खाद्य निगम कार्यालय के पीछे लावारिश हालत में फेंका हुआ 250 किलोग्राम अनाज मिला। इसमें 50 किलोग्राम गेंहू और 200 किलोग्राम चावल था। सूचना मिलने पर गायघाट पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन करने के बाद इसे जब्त कर लिया। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राकेश कुमार ने भी पहुंचकर मामले की जानकारी ली। इसके बाद अज्ञात के खिलाफ चोरी का FIR दर्ज करवाने को आवेदन दिया गया।

बताया जाता है कि उक्त बोरियां राज्य खाद्य निगम की है। क्योंकि इसपर बिहार राज्य खाद्य निगम लिखा हुआ भी था और इसकी सिलाई भी स्पेशल तरीके की थी। इससे स्पष्ट होता है ये अनाज सरकारी था। जिसे उसी गोदाम से चोरी की नीयत से निकाला गया था। लेकिन, पकड़े जाने के डर से छोड़ दिया गया था। पुलिस आशंका जता रही है कि रात के अंधेरे में इसे ले जाया जाता। लेकिन, तबतक मामला उजागर हो गया। ये सरकारी अनाज है, जो लोगों के बीच वितरण किया जाना है। ऐसे में इस अनाज को गोदाम से बाहर निकालने का मतलब है कि कालाबाज़ारी की जाती।

बता दें कि जिले में अनाज की कालाबाज़ारी करने वाला सिंडिकेट सक्रिय है। सरकारी अनाज की कालाबाज़ारी करने के लगातार मामले सामने आए हैं। हाल में दिघरा और मिठनपुरा में भी बिहार राज्य खाद्य निगम का अनाज चोरी कर ले जाते हुए पकड़ा गया था। मामले में गायघाट थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ़ FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.