Breaking NewsNational

हरनाज संधू ने जताया देशवासियों का आभार, बोलीं- ‘भारत को ताज दिलाना गर्व का पल’

भारत की हरनाज संधू नई मिस यूनिवर्स (Miss Universe 2021 Harnaaz Sandhu) 2021 बनीं. साल 2000 में लारा दत्ता के खिताब जीतने के 21 साल बाद, पंजाब की 21 साल की हरनाज ने ये खिताब अपने नाम किया है. वह इजरायल के इलियट में आयोजित 70वीं मिस यूनिवर्स 2021 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रही थीं. हरनाज ने फाइनल राउंड में पराग्वे और दक्षिण अफ्रीका की कंटेस्टेंट्स को हराकर मिस यूनिवर्स का ताज अपने नाम किया है.

हरनाज संधू (Harnaaz Sandhu Video) ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने के बाद एक बयान जारी किया है. इसमें उन्होंने भारत के तमाम लोगों और उन्हें सपोर्ट करने वालों का आभार जताया है. उन्होंने कहा, “मैं सर्वशक्तिमान, मेरे माता-पिता और मिस इंडिया संगठन की बहुत आभारी हूं कि उन्होंने मेरा मार्गदर्शन और समर्थन किया. प्रार्थना करने वाले और मेरे लिए क्राउन की कामना करने वाले सभी लोगों को ढेर सारा प्यार. मेरे लिए 21 साल बाद भारत को गौरवशाली ताज वापस लाना सबसे बड़े गर्व का पल है.” 

हरनाज ने सपोर्ट करने के लिए सभी का जताया आभार
हरनाज संधू  (Harnaaz Sandhu) ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने के बाद, जो बयान दिया है उसका वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में हरनाज को मिस यूनिवर्स 2021 (Miss Universe 2021 Crown) का क्राउन पहने हुए देखा जा सकता है. वह काफी खुश नजर आ रही हैं. वह इस वीडियो में कहती हैं, “नमस्ते, सत श्री अकाल, पहले दिन से ही मुझे सपोर्ट करने और मुझ पर विश्वास रखने के लिए आपमें से हरेक व्यक्ति का धन्यवाद. अब यूनिवर्स को बचाने का वक्त आ गया है. चलिए साथ में बचाते हैं. धन्यवाद और लव यू.”

चंडीगढ़ निवासी मॉडल, जो पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में एमए की पढ़ाई कर रही हैं. उनको पिछले साल की मिस यूनिवर्स मेक्सिको की एंड्रिया मेजा ने ताज पहनाया. पराग्वे की 22 वर्षीय नादिया फरेरा (Paraguay’s Nadia Ferreira) दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि दक्षिण अफ्रीका की 24 वर्षीय लालेला मसवाने (South Africa’s Lalela Mswane) तीसरे स्थान पर रहीं. अंतिम क्वेश्चन-आंसर सेशन के दौरान, संधू से पूछा गया कि वह युवा महिलाओं को क्या सलाह देंगी कि वे आज जिस दबाव का सामना कर रही हैं, उससे कैसे निपटें.

संधू ने क्या दिया जवाब?
इसके जवाब में संधू ने कहा, ‘आज का युवा जिस सबसे बड़े दबाव का सामना कर रहा है, वह है खुद पर विश्वास करना. अपनी तुलना दूसरों से करना बंद करें और दुनिया भर में हो रही अधिक महत्वपूर्ण चीजों के बारे में बात करें. अपने लिए बोलो क्योंकि तुम अपने जीवन के लीडर हो, तुम अपनी आवाज हो. मुझे खुद पर विश्वास था और इसलिए मैं आज यहां खड़ी हूं.’

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.