मुजफ्फरपुर में आखिरकार तीन महीने से फरार चल रहा हथियार तस्कर पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। उसे बेला थाना की पुलिस ने पारू के बभनगामा से गिरफ्तार किया है। थानेदार धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि उसकी पहचान शिवा रेड्डी के रूप में हुई है। तीन माह पूर्व शिवा और विशाल बेला में हथियार बेचने आया था।
इसी दौरान पुलिस ने विशाल को दबोच लिया था। जबकि शिवा फरार हो गया था। दोनों के खिलाफ पुलिस ने अपने बयान पर FIR दर्ज कर विशाल को जेल भेजा था। उसके पास से एक पिस्टल भी मिला था। वहीं शिवा की तलाश में छापेमारी जारी थी। वह अपने दोस्त के पकड़े जाने के बाद से ही फरार था।
पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही। कई बार उसके घर पर भी छापेमारी की गई थी। लेकिन, उसका सुराग नहीं मिला था। वह दूसरे सुरक्षित जगह पर ठिकाना बनाकर रहता था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह अपने गांव आया हुआ है। बेला थानेदार ने दलबल के साथ छापेमारी कर उसे दबोच लिया। आज उसे उसी केस में जेल भेजने की कवायद की जा रही है।

थानेदार ने कहा कि वह पहले भी मुशहरी थाना से बाइक चोरी के आरोप में जेल जा चुका है। जेल से जमानत पर छूटने के बाद वह हथियार की तस्करी और सप्लाई का धंधा करने लगा।
पूछताछ में उससे कुछ अहम जानकारी मिली है। वह किससे हथियार खरीदता था। कहां-कहां बेचता था। इन सब बातों का भी पता लगा है। इसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उसने कुछ तस्करों के नाम और ठिकाने की जानकारी दी है। लेकिन, अनुसंधान बाधित होने के कारण इसे गोपनीय रखा गया है।




Leave a Reply