BIHARBreaking News

बिहार के 10 जिलों में पारा 15 डिग्री से नीचे पहुंचा:गया सबसे ठंडा, न्यूनतम पारा 13 डिग्री सेल्सियस

अगर आप गया में हैं तो मौसम को लेकर सावधान रहने की जरूरत है। गया राज्य का सबसे ठंडा शहर है। यहां दिन की गर्मी और रात की ठंड से बीमारी का खतरा है। हालांकि, राज्य का मौसम अगले 48 घंटे तक पूरी तरह से स्थिर रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि बिहार में रात का तापमान औसतन 14 से 16 डिग्री होगा, जबकि गया का तापमान मंगलवार को 12.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक 19 नवंबर के बाद से मौसम में बदलाव के आसार बन रहे हैं।

शुष्क बना हुआ है बिहार का मौसम
बिहार का मौसम शुष्क यानी ड्राई बना हुआ है। शुष्क मौसम और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न हवा के दबाव का प्रभाव वातावरण में साफ दिखाई दे रहा है। मंगलवार को पटना, गया सहित बिहार के 10 जिलों में रात का पारा 15 डिग्री से नीचे रिकार्ड किया गया है। जबकि दिन में तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। ऐसे में सेहत पर बड़ा खतरा है। इस मौसम में बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। मौसम विभाग इस मौसम में लोगों को सावधान कर रहा है।

गया में सबसे अधिक ठंड
मौसम विभाग के मुताबिक, सबसे ज्यादा ठंड गया जिले में रही है। यहां पर न्यूनतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कोहरा, आसमान पर बादल छाने की वजह से गया में सुबह दृश्यता 200 मीटर थी। जबकि, पटना में दिन-रात का तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रहा है। अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और रात में तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। इस दौरान 6 से 9 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। सुबह से ही आसमान पर हल्के बादल छाए रहे।

शुष्क मौसम के कारण ठंड नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक पटना, गया सहित बिहार के सभी हिस्से में मौसम शुष्क बना हुआ है। इस दौरान पूर्व की तरफ से हवाएं बिहार में प्रवेश कर रही हैं, जिसके प्रभाव से तापमान में गिरावट होने के बाद भी अपेक्षाकृत मौसम सर्द नहीं है। पटना, गया सहित बिहार के सभी हिस्से में 48 घंटे तक दिन का तापमान 27 से 30 डिग्री और रात का तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

इस दौरान दिन में 6 से 9 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। लेकिन, रात में हवा की रफ्तार में कमी आएगी। जिससे तापमान स्थिर रहने का अनुमान है। पटना में बुधवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस होने का अनुमान है। इस दौरान आसमान पर हल्के बादल छाए रहेंगे। और नदी, तालाब और खुले स्थानों में कोहरा रहेगा।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.